ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में बम की सूचना से हड़कंप, मची अफरा-तफरी

ट्रेन में बम
ट्रेन में बम की जांच करती पुलिस।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को ट्रेन में बम होने की खबर से हड़कंप मच गया। कुछ देर के लिए स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना पाकर मौके पर आरपीएफ, जीआरपी, डॉग स्क्वायड, बम निरोधक टीम पहुंची और जांच शुरू की। सुरक्षाकर्मियों ने यात्रियों के सामान के साथ ही ट्रेन के डिब्बों से यात्रियों को नीचे उतारकर गहन जांच की।

मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर खड़ी राप्ती सागर एक्सप्रेस ट्रेन में बम होने की सूचना मिली। ट्रेन कानपुर की तरफ से लखनऊ आ रही थी। सूचना पाकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और ट्रेन को ऐशबाग स्टेशन पर ही रोक लिया गया। डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता और पुलिस ने ट्रेन की एक घंटे की गहन चेकिंग की।

हालांकि काफी देर तक जांच के बाद जब कुछ नहीं मिला तो पुलिस ने सूचना को फर्जी बताया। सभी यात्रियों को ट्रेन में बिठाकर ट्रेन रवाना कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि लोगों में डर फैलाने के लिए बम की सूचना फैलाई गई जो कि अफवाह थी। बम की अफवाह के बाद स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की गई है। रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मोजूद रहे।

यह भी पढ़ें- लोकमान्य तिलक ट्रेन में बम की सूचना से मचा हड़कंप, मऊ स्टेशन पर गई रोकी

पुलिस पूछताछ में पता चला कि सैनी जैकी (उम्र लगभग 26 वर्ष) पुत्र सोवनाथ, निवासी विमलवाड़ा, थाना बेमू पुलवाड़ा, जनपद रजाना, राज्य तेलंगाना को ट्रेन में बैठने के लिए स्थान नहीं मिल रहा था। इसी कारण उसने ट्रेन में बम होने की झूठी सूचना फैला दी, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। उस व्यक्ति को जीआरपी पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- लोकमान्य तिलक ट्रेन में बम की सूचना से मचा हड़कंप, मऊ स्टेशन पर गई रोकी