आरयू वेब टीम। भारतीय नाविकों की मौत को लेकर कांग्रेस
नरेंद्र मोदी सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बाद प्रियंका गांधी ने भी इस मुद्दे पर पीएम मोदी को घेरा है। प्रियंका गांधी ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ तीन भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा उठाना चाहिए।
दरअसल प्रधानमंत्री फ्रांस और स्लोवाकिया की एक हफ्ते की यात्रा पर हैं। वह फ्रांस में जी-7 सम्मेलन के संपर्क सत्र में हिस्सा लेंगे। उनका जी-7 सम्मेलन के दौरान कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने का कार्यक्रम है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ भी मुलाकात हो सकती है। इस बारे में पूछे जाने पर प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में मीडिया से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उन्हें निश्चित रूप से यह मुद्दा (अमेरिकी हमले में मारे गए तीन भारतीय नाविकों का मामला) उठाना चाहिए।’’ साथ ही कहा, ‘‘ये हैरानी की बात है कि जो हो रहा है उस पर हमने (सरकार) खुलकर कोई बात नहीं की है।’’
यह भी पढ़ें- भारतीय नाविकों की हत्या पर ईरान ने USA को घेरा, कहा समुद्री लुटेरों जैसी अमेरिका की नीति
इससे पहले राहुल गांधी ने भी रविवार को तीन भारतीय नाविकों की मौत के बाद अमेरिका की ओर से दिए गए बयानों को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि ‘‘कंप्रोमाइज्ड पीएम’’ (समझौता कर चुके प्रधानमंत्री) एक ‘‘आज्ञाकारी नौकर’’ की तरह सुनते हैं और ‘‘आदेशों’’ का पालन करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘‘कोई कंप्रोमाइज्ड पीएम’’ देश के सम्मान की रक्षा नहीं करेगा क्योंकि जो देश का अपमान करते हैं, वह उन्हीं के वश में हैं। गौरतलब है कि अमेरिका ने बीते दस जून को पलाऊ के ही ध्वज वाले जहाज ‘सेटेबेलो’ पर हमला किया था, जिसपर सवार 24 भारतीय नाविकों में से तीन की मौत हो गई थी।




















