आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अखिलेश ने बुलाई बैठक, जाने किन मुद्दों पर बनी रणनीति

अखिलेश ने बुलाई बैठक
बैठक में शामिल अखिलेश यादव समेत अन्य ।

आरयू ब्‍यूरो,

लखनऊ। पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने आज समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में 2017 में हुए विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों के साथ बैठक की। आगामी लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए बुलाई गई इस बैठक में शिवपाल सिंह यादव मौजूद नहीं रहें। इस दौरान अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी समाज की एकता तोड़ने का काम कर रही है।

उन्‍होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को रोकने की ताकत केवल समाजवादी पार्टी के पास है। बीजेपी खुद तो विकास कार्य नहीं कर रही है, बल्कि दूसरे के कामों को अपना काम बताने का झूठा प्रचार कर रही है। इतना ही नहीं समाजवादी सरकार में किए गये कार्यों का उद्घाटन करने में भी भाजपा के लोग संकोच नहीं कर रहे हैं, बल्कि भाजपा सरकार अपनी विफलता पर पर्दा डाल रही है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा अपना काम भी तो करके दिखाए योगी सरकार

वहीं सपा मुखिया ने भाजपा को षड़यंत्र करने वाली पार्टी बताते हुए उसकी नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्‍होंने कहा कि किसानों की आत्महत्या, ठण्ड से हो रही मौतों पर पीडि़त परिवारों की भाजपा सरकार कोई मदद नहीं कर रही है। भाजपा लोकतंत्र के सामने खतरा है। गरीब और किसान वर्ग है उसे उनके हक से वंचित करना भाजपा की मंशा है। जनता का ध्यान मुद्दों से हटाने की ताकत भाजपा के पास है, लेकिन लोकतंत्र में झूठ और धोखे की राजनीति लंबे समय तक सफल नहीं हो सकती है।

पूर्व मुख्‍यमंत्री ने सपा की आगे की कार्यप्रणाली को कार्यकर्ताओं से साझा करते हुए कहा कि 17 जनवरी को सपा कार्यकर्ता आलू की बर्बादी, धान की खरीद में लूट, खाद, बीज, न मिलना, बिजली के दामों में बढ़ोत्‍तरी, गन्ना भुगतान का बकाया जैसे किसानों की समस्याओं को लेकर तहसील स्तर पर प्रदर्शन करेंगे।

साथ ही कार्यकर्ता विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए बूथ कमेटी पर मतदाताओं के नाम शामिल कराने का काम करेंगे। उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ी से सतर्क रहने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने के लिए कहा है।

अपनी पार्टी का गुणगान करते हुए अखिलेश ने कहा कि सपा लोकसभा चुनाव में विकल्प है। समाजवादी पार्टी लोकतंत्र के हित और जन समस्याओं के समाधान की दिशा में मजबूती से काम करेगी। किसी भी राजनीतिक पार्टी के पास ऐसे निष्ठावान कार्यकर्ता नहीं है जैसे सपा के पास हैं।

कार्यकर्ताओं को लड़नी होगी बूथ बचाने की लड़ाई: रामगोपाल

बैठक को संबोधित करते हुए प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि एक-एक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से लोकतंत्र को बचाने में रात-दिन एक करें। उन्‍होंने कहा कि भाजपा सत्‍ता का दुरूपयोग कर रही है जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था के सामने खतरा उत्पन्न हो गया है। 2019 में बूथ-बूथ पर संघर्ष होगा। इसीलिए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बूथ बचाने की लड़ाई लड़नी है।

बैठक में विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी, नेता विरोधी दल विधान परिषद अहमद हसन, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, राजेंद्र चौधरी, माता प्रसाद पाण्डेय, इन्द्रजीत सरोज, बलराम यादव, आरके चौधरी, एसआरएस यादव, अरविन्द कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- तस्‍वीर जारी कर, सपा ने कहा अखिलेश यादव कर चुकें हैं नोएडा मेट्रो का उद्घाटन