जापान दौरे पर अखिलेश का तंज, ‘क्योटो जा सीएम योगी सीखें शहर बढ़ाने के साथ उसकी विरासत कैसे जाता है बचाया’

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगामी विदेश दौरे को लेकर सूबे की सियासत गरमा गई है। निवेश लाने के मकसद से किए जा रहे इस दौरे पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि योगी जी क्योटो जाकर समझें काशी वैसी क्यों नहीं बनी’।

यह भी पढ़ें- दालमंडी गली चौड़ीकरण पर बोले अखिलेश, भाजपा अपने साथियों को फायदा पहुंचाने के लिए कर रही दुकानदारों पर अत्‍याचार

अखिलेश ने काशी (वाराणसी) और क्योटो की तुलना करते हुए सरकार को घेरा। सपा मुखिया ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को जापान में क्योटो शहर जरूर जाना चाहिए। “जापान जा रहे हैं तो क्योटो भी घूमें, ताकि समझ सकें कि काशी (वाराणसी) क्योटो जैसी क्यों नहीं बन सकी। वहां से सीखें कि शहरों को आगे बढ़ाने के साथ उनकी विरासत को कैसे बचाया जाता है। अगर सच बोलेंगे, तो लोग उन्हें विदाई से पहले याद रखेंगे।”

साथ ही सपा प्रमुख ने इस दौरे को मुख्यमंत्री का ‘मनसुख-पर्यटन’ करार देते हुए कहा कि अपने कार्यकाल के आखिरी साल में वह सिर्फ सैर-सपाटा कर रहे हैं और अब किसी असली योजना की उम्मीद करना बेकार है।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी के कयामत वाले बयान पर बोले अखिलेश, कुर्सी को जितना खतरा उतना ही हो जाएंगे सांप्रदायिक

बता दें कि राजनीतिक हमलों के बीच, इस दौरे का एक बड़ा आकर्षण मैग्लेव ट्रेन की परीक्षण यात्रा है। यह ट्रेन चुंबकीय शक्ति के सहारे पटरी से ऊपर हवा में तैरते हुए चलती है। इसकी गति 600 किमी प्रति घंटे से भी अधिक हो सकती है। सौ किमी का सफर: सीएम योगी इस हाई-स्पीड ट्रेन में सौ किलोमीटर की यात्रा कर इसके तकनीकी पहलुओं को समझेंगे। जापान 2027 तक इसे पूरी तरह शुरू करने की तैयारी में है।

दौरे का पूरा शेड्यूल और टीम

मुख्यमंत्री के साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी और वरिष्ठ अधिकारियों की एक बड़ी टीम रवाना हो रही है।

23-24 फरवरी: सिंगापुर में निवेशकों के साथ बैठक।

24-26 फरवरी: जापान के उद्योगपतियों के साथ चर्चा।

मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और कई प्रमुख सचिव भी इस डेलीगेशन का हिस्सा हैं, जो यूपी की बदलती छवि और सुविधाओं पर दुनियाभर के उद्यमियों से चर्चा कर उन्‍हें अपना काम समझाने की कोशिश करेंगे।

यह भी पढ़े- बोले अखिलेश, “योगी सरकार में चल रही हर विभाग में लूट, जनता भुगत रही इसका खामियाजा”