जनता को बहकाने वाली योजनाएं बनाने में BJP सरकार का नहीं कोई जवाब: अखिलेश

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर भाजपा सरकारों की योजनाओं पर हमला बोला है। अखिलेश ने रविवार को अपने एक बयान में कहा कि सत्ता में आते ही भाजपा सरकार ने स्वच्छ भारत अभियान शुरू किया था। इसमें कई नामी लोग झाड़ू लगाते दिखे। कुछ तो अभियान के एंबेस्डर भी बन गए, लेकिन कुछ ही दिनों में यह अभियान फुस्स हो गया। कोई नगर स्मार्ट नहीं बन पाया, शौचालय भी बेकार हो गए।

इस दौरान सपा मुखिया ने शनिवार के पीएम मोदी के वाराणसी दौरे पर तंज कसते हुए आज कहा कि अब प्रधानमंत्री ने वाराणसी में पौधरोपण करते हुए प्रदूषण से मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण तथा ‘हर घर नल और हर नल जल’ अभियान का एलान किया है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं इन अभियानों का भी हश्र स्वच्छ भारत अभियान जैसा न हो।

यह भी पढ़ें- काशी पहुंचे PM मोदी ने कहा, जरुरी है ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का मतलब समझना, सदस्यता अभियान भी किया शुरू

मोदी सरकार पर हमला जारी रखते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा, कि भाजपा जनसेवा की नहीं सत्ताभोग की राजनीति कर रही हैं। जनता को बहकाने वाली योजनाएं बनाने में इस पार्टी का कोई जवाब नहीं। प्रदेश में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। नालों और सीवर की गंदगी बहती रहती है। गंगा, गोमती, यमुना सभी प्रदूषित हैं।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने मोदी सरकार के बजट को बताया, एक हाथ से लेकर दूसरे से देने की प्रक्रिया

देश और प्रदेश में वन क्षेत्र लगातार घटता जा रहा है। पौधरोपण सिर्फ वार्षिक उत्सव बनकर रह गया है। चंद जगहों पर पौधारोपण का सचित्र प्रचार हो जाना पर्यावरण संरक्षण नहीं है। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि भाजपा को बहकाने वाली योजनाओं के बजाय ठोस नीति पर काम करना चाहिए।

यह भी पढ़ें- जानें अखिलेश ने क्यों कहा,यूपी में अंधेर नगरी, चौपट राजा वाले हालात