सपा सरकार के कामों को अपना बताना ही योगी सरकार की उपलब्धि: राजेंद्र चौधरी

सपा सरकार के काम

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। विकास कार्यों के मामलों को लेकर शुक्रवार को सपा ने योगी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाएं हैं। सपा के मुख्‍य प्रवक्‍ता राजेंद्र चौधरी ने आज योगी सरकार पर निशाना साधते हुए अपने एक बयान में कहा है कि विकास के लिए भाजपा सरकार के पास न तो कोई योजना है और नहीं कोई विजन है। समाजवादी सरकार के कामों को अपना बताना और अखिलेश यादव के निर्माण पर अपने नाम का पत्थर लगाना उसके अब तक के कार्यकाल की एक मात्र उपलब्धि है और योगी सरकार शिलान्यास का शिलान्यास और उद्घाटन का उद्घाटन करके ही वह अपना रिपोर्ट कार्ड सजा रही है।

सपा प्रवक्‍ता ने सीएम योगी पर सवाल उठाते हुए आगे कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री अब अपनी कमी छिपाने के लिए असत्य का सहारा ले रहें हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे तथा जिला मुख्यालय से गांव तक फोरलेन सड़के बनाकर समाजवादी सरकार ने प्रगति को रफ्तार दी। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का मानना है कि सड़कें विकास का सबसे तेज रास्ता खोलती है। लखनऊ में मेट्रो अखिलेश जी के मुख्यमंत्रित्वकाल में ही शुरू हुई। आज तक भाजपा सरकार वाराणसी, गोरखपुर जैसे वीवीआइपी जिलों में भी मेट्रो नहीं चला सकी। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की शुरूआत भी सपा सरकार में हुई, भाजपा साढ़े तीन साल में भी उसे पूर्ण नहीं कर सकी, जबकि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे सपा सरकार में दो वर्ष से कम समय में पूरा हो गया था।

यह भी पढ़ें- सपा ने घोषित किए यूपी विधानसभा उपचुनाव के प्रत्‍याशी, इन नेताओं पर जताया भरोसा, RLD के लिए भी छोड़ी सीट

राजेंद्र चौधरी ने कहा है कि इसके अलावा सपा सरकार के समय ही साल 2012 से 2017 के बीच लखनऊ में जनेश्‍वर मिश्र पार्क बना जो एशिया का सबसे बड़ा पार्क है। यहां की हरियाली, झील और सुखद माहौल रोज बड़ी संख्या में लोगों को आकर्षित करती हैं। लोहिया पार्क सुबह-शाम भ्रमणकारियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय हैं। इन दोनों पार्कों में कई विशेष प्रजाति के पेड़-पौधे लगे हैं। गोमती नदी की सफाई के साथ मनोरम गोमती रिवरफ्रंट भी समाजवादी सरकार की देन है।

यह भी पढ़ें- हाथरस कांड के विरोध में सपा ने किया प्रदर्शन, अखिलेश ने कहा, बहन-बेटियों के परिवार के लिए भाजपा का शासनकाल दुर्भाग्यपूर्ण