अखिलेश ने कहा की देश की आजादी के मायने बदलना चाहती है भाजपा

आजादी के मायने बदलना
कार्यक्रम को संबोधित करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। सपा मुख्‍यालय में समाजवादी नेता एंव पूर्व मंत्री शारदानंद अंचल की 8वीं पुण्‍यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमला बोला है। उन्‍होंने कहा कि बीजेपी ने किसानों, गरीबों और नौजवानों के साथ न सिर्फ धोखा किया है, बल्कि भाजपा सरकार देश की आजादी के मायने बदलना चाहती है। उनका इरादा संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और इतिहास से छेड़छाड़ करने से साफ जाहिर होता है।

पूर्व मुख्‍यमंत्री ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण पूरी अर्थव्यवस्था चौपट है और कानून का राज अराजकता में बदल गया है। उन्‍होंने यह भी कहा कि आज राजनीति में मर्यादा और आदर्शों की अवहेलना हो रही है। जब सत्ता के शीर्ष नेता अहंकार का प्रदर्शन और अपशब्दों का इस्‍तेमाल करते हैं तो बीजेपी के विधायक-सांसद भी उसी तरह का आचरण करने लगते हैं।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का हमला, BJP कर रही अलोकतांत्रिक आचरण, फिर भी मौन है राजभवन

सत्तामद में बीजेपी लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी कर रही है। स्वतंत्रता आंदोलन के आदर्शों से भी भाजपा को कुछ लेना देना नहीं है। जब लोकतंत्र में लोकलाज का लोप हो जाता है तो यही स्थिति होती है, जैसा कि भाजपाई आचरण करते दिखाई देते हैं।

इस दौरान सपा मुखिया ने शारदानंद अंचल को श्रद्धाजंलि देकर उन्‍हें याद करते हुए कहा कि अंचल जी गरीबोंं की लड़ाई लड़ते रहे थे और बलिया की आजादी के आंदोलन में ऐतिहासिक भूमिका रही है। बलिया बलिदानियों की धरती रही है और वह समाजवादी आंदोलन का भी केन्द्र रही है। समाजवादी कभी गरीबों का साथ नहीं छोड़ते हैं, इसलिए गरीब भी समाजवादी पार्टी का साथ निभाते हैं।

यह भी पढ़ें- योगी की चौपाल पर अखिलेश का हमला, कहा अस्‍त-व्‍यस्‍त हुई ग्रामीणों की दिनचर्या

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने की। कार्यक्रम का संयोजन पूर्व विधायक जय प्रकाश अंचल ने और संचालन अमित त्रिपाठी ने किया। इस दौरन कार्यक्रम में अहमद हसन, राजेन्द्र चौधरी, बलराम यादव, आरके चौधरी, रामआसरे विश्वकर्मा, जियाउद्दीन रिजवी, संग्राम सिंह यादव, लक्ष्मण गुप्ता, गोरख पासवान, विनय प्रकाश अंचल, राजेश पासवान समेत नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का मास्‍टर स्‍ट्रोक, हाईस्‍कूल व इंटर के इन टॉपरों को देंगे लैपटॉप