अखिलेश ने आदित्‍यनाथ पर सवाल उठाकर कहा, भाजपा सरकार नहीं कर रही कानून व संविधान के अनुसार काम

अखिलेश यादव

आरयू ब्‍यरो, लखनऊ। यूपी के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ पर तानाशाही करने का आरोप विपक्ष अकसर लगाता है। आज इसी क्रम में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने योगी आदित्‍यनाथ की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाएं हैं। अखिलेश ने कहा है कि भाजपा सरकार कानून और संविधान के हिसाब से उत्‍तर प्रदेश में काम नहीं कर रही है।

रविवार को यूपी के पूर्व सीएम ने गुंडा एक्‍ट को लेकर यूपी पुलिस की कार्रवाई से जुड़ी इलाहाबाद हाईकोर्ट की टिप्‍पणी को लेकर योगी सरकार को घेर रहे थे। अखिलेश ने कहा कि जब तक भाजपा सरकार रहेगी कानून से काम नहीं होगा। सरकार मनमर्जी से काम कर रही है। पुलिस को खुली छूट है। गुण्डा एक्ट लगाने को लेकर हाईकोर्ट ने जो कहा है वह बेहद गंभीर है। भाजपा सरकार संविधान, लोकतंत्र विरोधी है। सत्ता का दुरूपयोग कर रही है।

झूठे मुकदमें लगा प्रताड़ित कर रही

योगी सरकार पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार कानूनों का दुरूपयोग तो कर ही रही, लोगों पर झूठे मुकदमें लगा उन्‍हें प्रताड़ित भी कर रही है। विपक्ष को बदनाम करने के लिए सत्ता का प्रयोग कर रही है। भाजपा सरकार विपक्ष के नेताओं को बदनाम करने के लिए भयंकर वीडियो बनवा रही है, बदनाम करा रही है। हाईकोर्ट को इसका स्वतः संज्ञान लेना चाहिए। वीडियो बनवाने वाले अधिकारी पर भी एक महिला ने आरोप लगाया, महिला आयोग को संज्ञान लेना चाहिए लेकिन नहीं ले रहा है।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार पर निशाना साध बोले अखिलेश, JPNIC बेचने में बड़ा घोटाला करने वाले अधिकारियों की भी होगी पूरी जांच

इसके साथ ही ईको गार्डेन के प्रदर्शनकारी अभ्‍य‍र्थियों के समर्थन में कहा कि पंचायत सहायक से लेकर जितने भी साथी और संगठन धरना प्रदर्शन कर रहे है, भाजपा सरकार ने उन सबको धोखा दिया है। सबका समय बर्बाद किया है। सरकार ने सबसे काम लिया, अपमानित किया। सभी मिलकर भाजपा को सत्‍ता से हटाएं। समाजवादी सरकार में ग्राम स्तर की नौकरियों की विसंगतियों को दूर किया जाएगा। समाजवादी सरकार आने पर आउटसोर्स की व्यवस्था बंद कर पक्की नौकरी दी जाएगी। नौकरियों में वेतन विसंगतियां दूर की जाएगी।

सवाल पूछने वालों पर होती है कार्रवाई

वहीं प्रेसवार्ता में सीएम योगी आदित्‍यनाथ से सवाल कर चर्चा में आयी महिला पत्रकार के मामले में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र विरोधी है। सरकार विकसित भारत के सपने दिखा रही, लेकिन कोई इस सरकार से सवाल नहीं पूछ सकता है। अगर कोई सवाल पूछ लेता तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो जाती है। धमकी दी जाती है। प्रताड़ित किया जाता है। भाजपा सरकार अहंकार में है। अगर कोई गांव, शहर, या स्कूल की समस्या सामने लाता है तो भाजपा सरकार उसके खिलाफ कार्रवाई कराती है। भाजपा सरकार में लोगों को सवाल पूछने की आजादी नहीं है। लोकतंत्र में सवाल पूछने की आजादी तो होनी ही चाहिए।