BSF के जवान ने अपने ही साथियों पर बरसाईं गोलियां, पांच की मौत, दस घायल, खुद को भी मारी गोली, सामने आ रही यह वजह

आरयू वेब टीम। पंजाब के अमृतसर में रविवार को बीएसएफ के खासा में 144वीं बटालियन के मुख्यालय में गोली चलने की खबर है। बीएसएफ मेस में फायरिंग होने से पांच जवानों की मौत हो गई है, जबकि दस घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है। बीएसएफ मेस में फायरिंग से अफरा-तफरी का माहौल है। सभी घायलों को गुरु नानक देव हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। बीएसएफ मेस में ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले कॉन्स्टेबल की पहचान सुतप्पा के रूप में हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीएसएफ के कॉन्स्टेबल सुतप्पा ने तैश में आकर फायरिंग की है। वह महाराष्ट्र का रहने वाला है। कथित तौर पर अधिक काम करने के लिए मजबूर किए जाने के कारण उसने हताशा में गोलियां चला दीं। उसने खुद को भी गोली मार ली, जिसके बाद उसका भी इलाज किया जा रहा है और उसकी तबीयत नाजुक बताई जा रही है।

बताया ये भी जा रहा है कि ज्यादा ड्यूटी लगने की वजह से सुतप्पा परेशान था। इसको लेकर उसकी एक अधिकारी से बहस भी हुई थी। रविवार की सुबह उसने अपनी रायफल से फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने के बाद मेस में भगदड़ मच गई और कई जवान घायल हो गए। इसके बाद घटनास्थल पर ही दो जवानों की मौत हो गई। बाकी को अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान तीन जवानों ने दम तोड़ दिया। जबकि दस जवान घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें- CISF के जवान ने चार साथियों को गोलियों से भूना, वजह जानकर रह जाएंगे दंग

फायरिंग की घटना में जान गंवाने व घायल हुए जवानों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अमृतसर बीएसएफ मेस फायरिंग की घटना के बाद बीएसएफ अधिकारी ने कहा, यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, जिसमें पांच जवानों की मौत हो गई है। घायलों में कई की हालत नाजुक है।

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़: आपस में भिड़े ITBP के जवान, अंधाधुंध फायरिंग में छह की मौत दो घायल