अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

आरयू वेब टीम। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को शुभकामनाएं दी। राष्ट्रपति ने कहा कि अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस पर सभी देशवासियों को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। हमारे देश की महिलाएं अनेक क्षेत्रों में उपलब्धियों के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। आइए आज के दिन हम सब, महिलाओं व पुरुषों के बीच असमानता पूर्णतया समाप्त करने का सामूहिक संकल्प लें।

वहीं प्रधानमंत्री ने भी महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ”अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हमारी अदम्य नारीशक्ति को सलाम! भारत को हमारे देश की महिलाओं की कई उपलब्धियों पर गर्व है। कई क्षेत्रों में महिला सशक्तीकरण को आगे बढ़ाने के लिए काम करने का मौका मिलना हमारी सरकार के लिए गर्व की बात है।”

यह भी पढ़ें- Time मैगजीन ने किसान आंदोलन की महिलाओं को दिया कवर पेज, कहा डाराया, धमकाया व खरीदा नहीं जा सकता

इस दिन के इतिहास की बात की जाए तो ये साल 1908 में एक महिला मजदूर आंदोलन की वजह से महिला दिवस मनाने की परंपरा की शुरूआत हुई। इस दिन 15 हजार महिलाओं ने नौकरी के घंटे कम करने, बेहतर वेतन और कुछ अन्य अधिकारों की मांग को लेकर न्यूयार्क शहर में प्रदर्शन किया था। एक साल बाद सोशलिस्ट पार्टी ऑफ अमेरिका ने इस दिन को पहला राष्ट्रीय महिला दिवस घोषित किया।

वहीं 1910 में कोपेनहेगन में कामकाजी महिलाओं का एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन हुआ, जिसमें इस दिन को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के तौर पर मनाने का सुझाव दिया गया और धीरे-धीरे यह दिन दुनिया भर में अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में लोकप्रिय होने लगा, इस दिन को अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मान्यता 1975 में मिली, जब संयुक्त राष्ट्र ने इसे एक थीम के साथ मनाने की शुरूआत की।

यह भी पढ़ें- असम में दिखा प्रियंका गांधी का अलग अंदाज, चाय बागान की महिलाओं के साथ तोड़ी पत्तियां, देखें तस्वीरें