अंतिम पड़ाव में भारत जोड़ो यात्रा, राहुल गांधी ने श्रीनगर के लाल चौक पर फहराया तिरंगा

भारत जोड़ो यात्रा
श्रीनगर के लाल चौक पर झंडा फहराते राहुल गांधी साथ में अन्‍य।

आरयू वेब टीम। कन्याकुमारी से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब अंतिम पड़ाव में है। रविवार को यह यात्रा श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक पहुंच गई है। यहां पर राहुल गांधी ने तय कार्यक्रम के मुताबिक ध्वजारोहण किया। राहुल के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सहित अन्य कांग्रेसी नेता भी मौजूद रहे।

साथ ही हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित कई नेता भी यात्रा में शामिल होने के लिए श्रीनगर में मौजूद रहे। तिरंगा फहराते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गजब का जोश देखने को मिला। यहां पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लाल चौक के आस-पास के पूरे इलाके को सील कर दिया गया और सिटी सेंटर के चारों तरफ बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: बनिहाल में रोकी गई भारत जोड़ो यात्रा, राहुल ने कहा पूरी तरह चरमराई सुरक्षा-व्यवस्था

इसके बाद ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शहर के बुलेवार्ड क्षेत्र में नेहरू पार्क की तरफ बढ़ेगी, जहां पर 30 जनवरी को इसका समापन हो जाएगा। राहुल गांघी के नेतृत्व में यह यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और देशभर के 75 जिलों से गुजर चुकी है। यात्रा के अंतिम दिन सोमवार को राहुल गांधी श्रीनगर में एमए रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में तिरंगा फहराएंगे, जिसके बाद एसके स्टेडियम में एक जनसभा आयोजित की जाएगी।

बता दें कि साल 1948 में भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने भी लालचौक पर तिरंगा झंडा फहराया था। पंडित नेहरू के बाद लाल चौक पर तिरंगा फहराने वाले राहुल गांधी दूसरे कांग्रेस नेता बन गए है।

यह भी पढ़ें- #BharatJodoYarta: अलवर में बोले राहुल गांधी नफरत के बाजार में खोल रहा मोहब्बत की दुकान