अरुणाचल प्रदेश में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में मार गिराए छह उग्रवादी, असम राइफल्स का जवान घायल

अरुणाचल प्रदेश
उग्रवादियों के पास से बरामद हथियार।

आरयू वेब टीम। सुरक्षाबलों ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश में उग्रवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगा उग्रवादी संगठन एनएससीएन (आइएम) के छह उग्रवादियों को ढेर कर दिया है। सुरक्षाबलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि तिरप जिले के जनरल क्षेत्र के खोंसा में कुछ उग्रवादी छिपे हुए हैं। इसके बाद असम राइफल्स ने दो टीमें बनाई।

मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह चार बजकर 30 मिनट पर जनरल एरिया में सुरक्षाबलों ने सर्च आपरेशन चलाया। जहां उग्रवादियों के साथ मुठभेड़ हुई। उग्रवादियों के साथ हुई गोलाबारी में छह उग्रवादी मार गिराये गए हैं। उनके पास से छह हथियारों के साथ लड़ाई में काम आने वाले जैसे सामान मिले हैं। मारे गए इन आतंकियों के पास से चीन में बने हथियार भी बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ में असम राइफल्स का एक जवान भी घायल हुआ है। जवान की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसे पास के सैन्य अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है।

यह भी पढ़ें- J-K: श्रीनगर-शोपियां में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में ढेर किए चार आतंकी

अरुणाचल प्रदेश के डीजीपी आर. पी. उपाध्याय ने बताया कि पुलिस और असम राइफल्स की ज्वाइंट टीम ने शनिवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया, जिसमें नगा उग्रवादी संगठन के छह आतंकवादी मारे गए हैं। उन्होंने स्थानीय मीडिया को ये भी बताया कि आतंकियों के साथ मुठभेड़ के दौरान असम राइफल्स का एक जवान भी घायल हुआ है। इन आतंकियों के पास से 4 AK-47 और दो चाइनीज एमक्यू बरामद किए गए हैं, ऑपरेशन अभी जारी है।

यह भी पढ़ें- पुलवामा में आतंकियों ने सुरक्षाबलों के काफिले पर IED से किया हमला, जवान घायल