असम में वायुसेना का प्लेन क्रैश, पांच जवान शहीद

प्लेन क्रैश
मलबे में तब्दील हुआ विमान।

आरयू वेब टीम। असम के जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पर शनिवार को भारतीय वायु सेना का एक AN-32 परिवहन विमान इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। इस दर्दनाक हादसे में वायुसेना के पांच जवान शहीद हो गए, जबकि एक पायलट गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर पहुंची पुलिस और राहत बचाव टीम ने गंभीर रूप से घायल पायलट को इलाज के लिए अस्पताल भेजने के साथ ही शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मिली जानकारी के मुताबिक हादसा असम के जोरहाट एयरबेस पर सुबह करीब दस बजे एएन-32 विमान के लैंड होते ही हुआ। लैंडिंग के दौरान अचानक विमान से आग की लपटें और घना धुआं निकलता देखा गया। देखते ही देखते विमान के दो टुकड़े हो गए। मंजर देखते ही एयरपोर्ट और आइएएफ की इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।

वहीं भारतीय वायु सेना के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब AN-32 विमान एयरबेस पर लैंडिंग की प्रक्रिया में था। उतरने के दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसके बाद मौके पर तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। एयरबेस की आपातकालीन टीमों और दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य संभाला। वायुसेना ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं। जांच टीम तकनीकी और परिचालन संबंधी सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी ताकि हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

साथ ही आइएएफ ने बताया कि इस हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर खेमाराम कुमावत और अग्निवीर दानिश आलम ने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया।  दुख की इस घड़ी में आइएएफ मजबूती से उनके परिजनों के साथ खड़ी है।

यह भी पढ़ें- बारामती में अजित पवार का प्लेन क्रैश, डिप्टी सीएम समेत छह लोगों की दर्दनाक मौत

AN-32 भारतीय वायु सेना के सबसे महत्वपूर्ण परिवहन विमानों में गिना जाता है। इस विमान का उपयोग सैनिकों, सैन्य उपकरणों, हथियारों और राहत सामग्री को दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए किया जाता है। खासकर उत्तर-पूर्व, हिमालयी इलाकों और सीमावर्ती क्षेत्रों में इसकी भूमिका बेहद अहम रही है। सोवियत डिजाइन पर आधारित यह दो इंजन वाला टर्बोप्रॉप विमान कठिन मौसम और ऊंचाई वाले इलाकों में भी प्रभावी संचालन के लिए जाना जाता है। यह एक बार में लगभग 7.5 टन तक सामान या 50 यात्रियों को ले जाने की क्षमता रखता है।

यह भी पढ़ें- अब ब्रजेश पाठक के चार्टर्ड प्लेन से निकलने लगा धुआं, बाल-बाल बचे