मणिपुर में असम राइफल्स के जवान ने छह सहयोगियों पर की फायरिंग, फिर खुद को गोली से उड़ाया

असम राइफल्स
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। लंबे समय से हिंसा की आग में जल रहे मणिपुर में तैनात असम राइफल्स के एक जवान ने इंडो-म्यांमार बॉर्डर के पास छह सहयोगियों पर फायरिंग कर और बाद में कथित तौर पर खुद को गोली से उड़ा लिया। सभी घायलों को आगे के इलाज के लिए सैन्य अस्पताल ले जाया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि बुधवार की इस घटना के बाद असम राइफल्स की ओर से दावा किया गया कि इस मामले का सूबे में जारी हिंसा से लेना-देना नहीं है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार सुबह उस समय हुई जब जवान चुराचांदपुर स्थित अपने घर से छुट्टी बिताने के बाद लौटा था। ये घटना भारत-म्यांमार के पास दक्षिण मणिपुर में असम राइफल्स बटालियन के अंदर हुई है। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई है और सुरक्षाबलों की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया गया। फायरिंग के लिए इस्तेमाल हुए राइफल को कब्जे में ले लिया गया है और जांच शुरू की।

पुलिस ने कहा ये जानने के लिए कि किस वजह से असम राइफल्स के जवान ने इस वारदात को अंजाम दिया, उसके घर वालों से भी बात की जाएगी। पुलिस सूत्रों ने बताया है कि फायरिंग के बाद खुदकुशी करने वाले जवान के मोबाइल को कब्जे में लिया जा रहा है, ताकि आखरी बातचीत को ट्रैक किया जा सके।

यह भी पढ़ें- सेना के जवान ने की थी मिलिट्री स्टेशन में सो रहे चार सैनिकों की हत्या, सफेद-कुर्ते पैजामे में हत्यारों के भागने की झूठी कहानी सुना कर रहा था अधिकारियों को गुमराह

मणिपुर पुलिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कहा कि,”दक्षिण मणिपुर में भारत-म्यांमार सीमा के करीब तैनात असम राइफल्स बटालियन में असम राइफल्स के एक जवान के हाथों गोलीबारी की घटना हुई है। असम राइफल्स के एक जवान ने अपने सहयोगियों पर गोलीबारी की, जिसमें उनमें से छह घायल हो गए (सभी घायल गैर-मणिपुरी हैं) बाद में जवान ने खुद को गोली मार ली।”

पुलिस ने कहा कि,”इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को चल रहे संघर्ष से नहीं जोड़ा जाना चाहिए, इस तथ्य को देखते हुए कि घायलों में से कोई भी मणिपुर से नहीं है। असम राइफल्स की सभी बटालियनों में सभी वर्गों के लोग हैं, जिसमें मणिपुर के अलग-अलग समुदायों के लोग भी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- सुकमा के CRPF कैंप में जवान ने अपने साथियों पर बरसाई गोलियां, चार की मौत, तीन घायल