आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अयोध्या की मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर शुक्रवार को सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आज अवधेश प्रसाद ने मीडिया से कहा कि भाजपा सरकार में सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न पुलिस कर रही, जबकि भाजपा कार्यकर्ता बूथ पर बूथ कैप्चरिंग कर रहें हैं। दरअसल मतदान के दिन भाजपा कार्यकर्ता की पिटाई के आरोप में आठ सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ खंडासा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। मिल्कीपुर सीट के लिए पांच फरवरी को मतदान संपन्न हुआ।
आज एक प्रेसवार्ता कर सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि खंडासा पुलिस हमारे सपा कार्यकर्ताओं को पकड़कर जंगल में ले गई। गाड़ी में शराब की बोतल रखी और फोटो खींचा। सपा कार्यकर्ताओं के हाथ के नाखून निकालने की कोशिश की गई। उनको लाठियों से पीटा गया। आगे कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमें चाहे गोली मार दो, लेकिन हम अखिलेश वादी रहेंगे, अवधेश वादी रहेंगे।
यह भी पढ़ें- मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भगाए गए एजेंट, हुई फर्जी वोटिंग, सांसद अवधेश प्रसाद ने लगाया आरोप
सांसद ने आगे कहा कि भाजपा सरकार में सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न हो रहा, जबकि भाजपा कार्यकर्ता भखौली बूथ पर बूथ कैप्चरिंग कर रहा था। इसको रोकने के लिए सपा कार्यकर्ता आगे आए थे। उसके बाद सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। अयोध्या पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है।