अवैध निर्माण देखने वाली टीम के लिए LDA हजरतगंज में बना रहा कार्यालय, VC ने निरीक्षण कर दिया काम जल्‍दी पूरा कराने का निर्देश

विहित प्राधिकारी कार्यालय
बिल्डिंग के निर्माण कार्यों की मातहतों से जानकारी लेते प्रथमेश कुमार।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। लालबाग स्थित एलडीए कार्यालय में फैमिली कोर्ट शिफ्ट होने के बाद अब प्राधिकरण ने अपनी प्रवर्तन की टीम के लिए हजरतगंज में नया कार्यालय बनाना शुरू कर दिया है। सरोजिनी नायडू पार्क के पास बन रहे इस कार्यालय में प्राधिकरण के दोनों विहित प्राधिकारी (सिस व ट्रांस) के साथ ही प्रवर्तन के सातों जोन के इंजीनियरों को भी बैठाने का एलडीए वीसी प्रथमेश कुमारा का इरादा है। वीसी ने आज अपनी टीम के साथ मौके का निरीक्षण कर तीन मंजिला कार्यालय को जल्‍द से जल्‍द पूरा कराने का इंजीनियरों को निर्देश दिया।

निरीक्षण के बाद प्रथमेश कुमार ने कहा कि वर्तमान में विहित प्राधिकारी न्यायालय लालबाग स्थित प्राधिकरण के पुराने कार्यालय में है। जहां अवैध निर्माण व अवैध प्लाटिंग से संबंधित मामलों की सुनवायी की जाती है। प्राधिकरण के सभी प्रवर्तन जोन की टीम भी इसी कार्यालय में बैठती है।

यह भी पढ़ें- कमिश्‍नर की जनसुनवाई में बोला फरियादी, “शिकायत के बाद भी LDA अफसरों ने नहीं की अवैध निर्माण पर कार्रवाई, अब दबंग दे रहें हत्‍या कराने की धमकी”

कुछ महीनों से लालबाग कार्यालय में फैमिली कोर्ट शिफ्ट होने से विहित प्राधिकारी न्यायालय के रूटीन कार्य में बाधा आ रही। इसे ध्यान में रखते हुए हजरतगंज में सरोजिनी नायडू पार्क के पास खाली पड़ी 11,300 वर्ग फिट जमीन पर विहित प्राधिकारी न्यायालय के बिल्डिंग बनाई जा रही। यह बिल्डिंग तीन मंजिल की होगी, जिसमें स्टिल्ट पार्किंग दी जाएगी।

नीचे विहित प्राधिकारी तो सबसे ऊपर बैठेंगे JE-AE

वीसी ने कहा कि भवन के प्रथम तल पर सिस गोमती व ट्रांस गोमती के विहित प्राधिकारी का न्यायालय होगा। दूसरी मंजिल पर पेशकार व अन्‍य संबंधित स्टॉफ बैठेगा। जबकि, तीसरे तल पर प्रवर्तन जोन में तैनात अवर अभियंता व सहायक अभियंताओं के लिए कार्यालय निर्मित किये जाएंगे। प्रत्येक फ्लोर पर रिकॉर्ड रूम, स्टोर व शौचालय बनाये जाएंगे।उपाध्यक्ष ने बताया कि बिल्डिंग का निर्माण लगभग साढ़े पांच करोड़ की लागत से कराया जाएगा। इसे एक साल में बनाकर तैयार करने के निर्देश दिये गये हैं।

यह भी पढ़ें- अब लोहिया पार्क में तैनात LDA कर्मी मिला अवैध निर्माण की ठेकेदारी में लिप्‍त, VC ने किया निलंबित

अब 22 करोड़ से बनेगा CG सिटी में पार्क

वहीं हरियाली को लेकर कुछ साल से विशेष ध्‍यान देने वाले एलडीए के अधिकारियों ने एक और नया पार्क बनाने का प्राइवेट कंपनी से खाका खिचवाया है। यह पार्क सीजी सिटी के दक्षिणी भाग में बनेगा। 16 एकड़ में फैले इस पार्क को विकसित करने में प्राधिकरण फिलहाल 22 करोड़ खर्च करेगा।

यह भी पढ़ें- अब मोती पार्क संवारने में सात करोड़ खर्च करेगा एलडीए, अकबर नगर की तरह भीखमपुर में भी लाएगा हरियाली

बिना पेड़ों को नुकसान पहुंचाये काम करो पूरा: प्रथमेश कुमार

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आज उक्त ग्रीन बेल्ट में कराये जा रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क में जल्द से जल्द पाथ-वे का निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिये। उपाध्यक्ष ने इस दौरान संबंधित मातहतों को निर्देश दिया कि ग्रीन बेल्ट में पहले से लगे पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाये बिना सभी निर्माण काम पूरे होने चाहिये।

यह भी पढ़ें- ग्रीन जोन बनें NHAI के शहीद पथ की हरियाली के नाम पर जनता के 43 करोड़ फूंकेगा LDA!, टेंडर भी कराया टुकड़ों में, उठ रहें सवाल