योगी सरकार के मंत्री के महायज्ञ में लगी भीषण आग, आहुति में नारियल फटने से धधक उठे पंडाल

अयोध्या
पंडाल से उठती आग की लपटें।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/अयोध्या। अयोध्या में शनिवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। सरयू नदी के किनारे चल रहे योगी सरकार के मंत्री के महायज्ञ में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ही आग की लपटों ने पूरी यज्ञशाला को घेर लिया और पंडाल धधक उठे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि यज्ञ में महा-आहुति के तौर पर चढ़ाए गए नारियल के फटने से आग लगी थीं, हालांकि पुख्ता तौर पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।

मिली जानकारी के मुताबिक अयोध्या में सरयू के किनारे माझा जमथरा में लक्ष्मीनारायण महायज्ञ चल रहा है। रामनवमी के अवसर पर इस महायज्ञ का आयोजन योगी सरकार में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की तरफ से कराया गया था। ये यज्ञशाला अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से महज 800 मीटर दूर है। इस महायज्ञ में गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह भी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- सआदतगंज में लगी भीषण आग में 18 झोपड़ियां राख, सिलेंडर के धमाकों से कांपी मकानों की दीवारें

बताया जा रहा है अचानक यज्ञशाला में चढ़ाया गया एक नारियल फटा और उसकी वजह से आग लग गई। आग की घटना बेहद भयावह थी और कुछ ही देर में पूरी यज्ञशाला धधक उठी। तुरंत मामले की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। मामले की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और दमकल की छह गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

दरअसल सरयू नदी के किनारे बनी इस यज्ञशाला में 1251 हवन कुंड बनाए गए थे। शनिवार को महायज्ञ का आखिरी दिन था। जिस समय आग लगी, वहां बड़ी संख्या में लोग थे। आनन-फानन में सभी लोग पंडाल से सुरक्षित बाहर निकल आए, जिसकी वजह से बड़ी जनहानि टल गयी।

यह भी पढ़ें- आलमबाग रेलवे अस्पताल में लगी आग से मची अफरा-तफरी