पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का दावा, ‘छह महीने में उत्‍तर प्रदेश में आए 33 करोड़ पर्यटक, अयोध्‍या ने काशी को छोड़ा पीछे’

अयोध्‍या में पर्यटक
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। योगी सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दावा किया है उत्‍तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान रचने को तैयार है। मौजूदा वर्ष के बीते छह महीने में करीब 33 करोड़ पर्यटक यूपी आए हैं। अयोध्या ने काशी को भी पीछे छोड़ दिया। यहां सिर्फ छह महीने में ही लगभग 11 करोड़ पर्यटक पहुंचे।

पिछले आंकड़ों की बात करते हुए पर्यटन मंत्री ने आज यह भी दावा किया है कि साल 2022 में यूपी में जितने पर्यटक आए थे, उससे एक करोड़ से भी अधिक इस साल शुरुआती छह माह में पहुंचे। इसी तरह साल 2023 के शुरुआती छह माह में आए पर्यटकों की संख्या से 13 करोड़ से ज्‍यादा थीं।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, अयोध्या जाने वाली रोडवेज बसों पर लगानी पड़ी रोक

जयवीर सिंह ने शनिवार को मीडिया को से कहा कि यूपी में हाल के वर्षों में पर्यटन बहुत तेजी से बढ़ा है। इस साल अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के विराजमान होने के बाद पर्यटकों का आगमन तेजी से बढ़ा है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि छह माह में कुल 32 करोड़ 98 लाख 18 हजार 122 पर्यटक यूपी में भ्रमण के लिए आए, जबकि साल 2022 में पूरे एक साल में लगभग 31 करोड़ 86 लाख पर्यटक आए थे। हालांकि पर्यटन मंत्री ने यह नहीं बताया है कि अपने व सरकारी वाहनों के अलावा पैदल पहुंचने वाले पर्यटकों की आखिर गिनती किस तरह की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बारिश ने फिर खोली अयोध्‍या के विकास की पोल, रामपथ पर भरा पानी, सड़कें धंसी, मोहल्लों से लेकर सरकारी कार्यालय तक में जलभराव

पर्यटन मंत्री ने आगे कहा कि इस साल के शुरुआती छह महीने में 19 करोड़ 60 लाख 34 हजार 967 पर्यटक आए थे। यानी बीते वर्ष की तुलना में इस साल 13 करोड़ 37 लाख 83 हजार 155 पर्यटक अधिक आए थे। इस वर्ष उत्तर प्रदेश आने वाले कुल पर्यटकों में 32 करोड़ 87 लाख 81 हजार 348 घरेलू, जबकि 10 लाख 36 हजार 774 विदेश से पर्यटक आए।

जयवीर सिंह ने बताया कि प्रदेश में सबसे ज्यादा पर्यटक अयोध्या पहुंचे हैं। छह महीने में 109969702 घरेलू, 2851 विदेशी यानि कुल 109972553 पर्यटक आए थे। वाराणसी में 45982313 घरेलू 133999 विदेशी 46116312 कुल पर्यटक आए। प्रयागराज में 45394772 घरेलू 3668 विदेशी 45398440 कुल पर्यटक आए। मथुरा में 30702513 घरेलू 49619 विदेशी 30752132 कुल पर्यटक आए। लखनऊ में 3506981 घरेलू 7108 विदेशी 3514089 कुल पर्यटक आए। आगरा में 6984352 घरेलू और 703860 विदेशी अर्थात कुल 7688212 पर्यटक आए।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा। यहां निरंतर पर्यटन स्थलों और पर्यटक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।