भर्ती चंद्रशेखर का हाल जानने पहुंची प्रियंका ने कहा, रोजगार नहीं देने वाली सरकार नौजवानों की आवाज चाहती है कुचलना

भीम आर्मी के संस्‍थापक
चंद्रशेखर का अस्पताल में हाल जानती प्रियंका गांधी। (फोटो साभार- एएनआइ)

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ/मेरठ। कांग्रेस महासचिव एवं पूर्वी यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी बुधवार की शाम मेरठ जिले के आनंद अस्‍पताल में भर्ती भीम आर्मी के संस्‍थापक चंद्रशेखर का हाल जानने पहुंची। इस दौरान प्रियंका गांधी ने चंद्रशेखर का हाल जानने के साथ ही उनसे बाचती भी की।

चंद्रशेखर का हाल जानने के बाद प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोला। मीडिया से बात करते हुए पूर्वी यूपी की प्रभारी ने कहा कि नौजवान  संघर्ष कर अपनी आवाज उठा रहे हैं। सरकार से ये कह रहे है कि मेरा दर्द सुन लो, लेकिन ये सरकार इतनी अहंकारी बन गयी है कि ये नौजवान को कुचलना चाहती है, ये आवाज सुनना नहीं चाहती है। मोदी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रियंका ने कहा कि नौजवानों को रोजगार तो इन्‍होंने दिया नहीं, अब वो आवाज ही उठा रहे हैं तो उठाने दीजिए कुचलने की क्‍या जरूरत है।

यह भी पढ़ें- रावण के बुआ कहने पर बोलीं मायावती मेरा कोई रिश्‍ता नहीं, BJP पर भी बोला हमला, गठबंधन के लिए रखी ये शर्त

चन्द्रशेखर नौजवानों की बात को उठाते हैं और जिस प्रकार से इस नौजवान की महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए पुलिस ने बर्बरतापूर्वक पिटायी की, उसका वह विरोध करती हैं और उन्हें देखने आयी हैं। ऐसा शख्स जो संविधान, महिलाओं के ऊपर होने वाले अत्याचार का विरोध करता है और नौजवानों के हक के लिए लड़ने वाला है हम उनके साथ हैं।

चंद्रशेखर को कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ाने के सवाल पर प्रियंका ने कहा कि  ऐसी कोई राजनीतिक बात नहीं है। मुझे इस लड़के का जोश पसंद आया कि वो संघर्ष करता है, लोगों की आवाज उठाता है। इस दौरान पत्रकार द्वारा दूसरी बार कांग्रेस से चुनाव लड़ाने के सवाल पर प्रियंका ने मीडिया से कहा कि आप इसका राजनीतिकरण करना चाहते, आप करिये मै नहीं करूंगी।

यह भी पढ़ें- 16 घंटे लगातार बैठक कर जानें मोदी और राहुल के बारे में क्या बोली प्रियंका

बताते चलें कि मंगलवार को चंद्रशेखर की तबीयत उस समय खराब हो गई जब वह सहारनपुर से दिल्ली के लिए बहुजन सुरक्षा अधिकार यात्रा निकाल रहे थे। यात्रा देवबंद पहुंची तभी अनुमति न होने के कारण पुलिस ने उसे रोक दिया और चंद्रशेखर को हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई से नाराज उनके समर्थकों ने हाईवे पर हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साई भीड़ की अधिकारियों से जमकर नोकझोंक हुई। हंगामे के बीच पिटाई से अचानक चंद्रशेखर की तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें मेरठ लाया गया और आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मुलाकात के दौरान प्रियंका गांधी के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू, प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद समेत कांग्रेस के तमाम नेता अस्‍पताल में मौजूद रहें।