भारतीय तटरक्षक कमांडरों के सम्मेलन में रक्षामंत्री ने कहा, हमें दोहरे मोर्चे पर रखनी होगी नजर

राजनाथ सिंह
कार्यक्रम में शामिल राजनाथ सिंह।

आरयू वेब टीम। “भारत अपनी भूमि सीमाओं के संबंध में कई चुनौतियों का सामना करता रहता है। हमारे पड़ोसी देशों की हरकतें किसी से छिपी नहीं हैं। एक और चीज जो हम देख सकते हैं, वह है हमारे आस-पास के देशों में अस्थिरता। ये चुनौतियां हमारे समुद्री क्षेत्र, विशेष रूप से बंगाल की खाड़ी को प्रभावित करती हैं।” हमें दोहरे मोर्चे पर नजर रखनी होगी।

ये बातें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय तटरक्षक कमांडरों के सम्मेलन को संबोधित कर कही। राजनाथ सिंह ने शरणार्थियों की आमद और अवैध प्रवासियों को बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में भारत की समुद्री सुरक्षा के लिए एक चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि शरणार्थियों की आमद अवैध प्रवासी और समुद्री गतिविधियां हमारी तटीय सुरक्षा को चुनौतीपूर्ण बनाती हैं। हमें खुद को केवल नियमित निगरानी तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि हमें दोहरे मोर्चे पर नजर रखनी होगी।

रक्षा मंत्री ने कहा कि समुद्री सुरक्षा केवल हमारे जहाजों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां भू-राजनीतिक जागरूकता और तैयारी आवश्यक है। केंद्र के आत्मनिर्भरता के आह्वान को दोहराते हुए, उन्होंने मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत पहल के तहत भारतीय तटरक्षक बल (आइसीजी) के प्रयासों की सराहना की। साथ ही कहा कि तटरक्षक बल के जहाजों की सर्विसिंग और मरम्मत भारत में की जा रही है, और तटरक्षक बल का 90 प्रतिशत बजट स्वदेशी संपत्तियों के विकास में जाता है।

इस दौरान राजनाथ सिंह ने सम्मेलन में कहा कि सरकार आपको अत्याधुनिक प्लेटफॉर्म प्रदान करने के लिए काम कर रही है। हम मशीन और मानव शक्ति, दोनों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हम भारतीय तटरक्षक बल को सभी आवश्यक आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने का प्रयास कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- MiG-21 के विदाई समारोह में बोले राजनाथ सिंह, ये सिर्फ विमान नहीं भारत के शौर्य का इतिहास

आगे कहा कि मैं मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के तहत तटरक्षक बल के प्रयासों से संतुष्ट हूं। आज भारतीय तटरक्षक बल के जहाजों की सर्विसिंग और मरम्मत भारत में ही की जा रही है। तटरक्षक बल का 90 प्रतिशत बजट स्वदेशी संपत्तियों के विकास में जाता है। केवल रक्षा क्षेत्र में ही नहीं, भारत आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है।

यह भी पढ़ें- वो दिन दूर नहीं जब POK खुद लौटकर कहेगा, मैं भारत ही हूं राजनाथ सिंह