भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर पर जानलेवा हमला, हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

चंद्रशेखर पर जानलेवा हमला
हमले में घायल चंद्रशेखर।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/सहारनपुर। देवबंद में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर की कार पर बुधवार की शाम जानलेवा हमला हुआ है। कार में सवार चंद्रशेखर पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गए हैं। घायल चंद्रशेखर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि उनकी जान को कोई खतरा नहीं है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक देवबंद पहुंचते ही अचानक हरियाणा नंबर की एक कार में सवार होकर बदमाश आए और चंद्रशेखर पर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे हड़कंप मच गया। बदमाशों ने कई गोलियां चलाई, लेकिन इनमें से एक गोली चंद्रशेखर को छूते हुए निकल गई। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश तेजी से गाड़ी चलाते हुए फरार हो गए। इसके बाद चंद्रशेखर के समर्थकों ने ही उन्हें देवबंद के अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने बताया कि इस वारदात में चंद्रशेखर बाल- बाल बच गए हैं।

इस संबंध में पुलिस ने बताया कि हमलावर हरियाणा नंबर की कार में सवार होकर आए थे। हमलावरों की कार एक जगह सीसीटीवी कैमरे में नजर आई है। पुलिस के मुताबिक बदमाशों की धरपकड़ के लिए पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी गई है। वहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। चंद्रशेखर के समर्थकों ने पुलिस को बताया कि वह समाज के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अपनी फार्चुनर में सवार होकर देवबंद आए थे।

यह भी पढ़ें- #UPElection: कुंडा में मतदान के दौरान सपा प्रत्‍याशी गुलशन यादव पर जानलेवा हमला, तोड़े गए वाहन, चलाईंं गोलियां

भीम आर्मी चीफ ने मीडिया से बताया कि, “मुझे ठीक से याद नहीं है, लेकिन मेरे लोगों ने उन्हें पहचान लिया। उनकी कार सहारनपुर की ओर चली गई। हमने यू-टर्न ले लिया। घटना के वक्त मेरे छोटे भाई समेत हम पांच लोग कार में थे।

वहीं एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि चंद्रशेखर आजाद देवबंद की गांधी कॉलोनी में किसी के पास मिलने गए थे। वहां से निकलते समय दो युवकों ने उन पर फायरिंग की। जिसमें छर्रे लगने से वह जख्मी हो गए। हमलावर एक कार में सवार होकर फरार हो गए। उपचार के लिए उन्हें देवबंद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हमलावरों की तलाश में लगी है।

यह भी पढ़ें- लोकप्रिय गायक व कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला को हत्‍यारों ने घेरकर किया गोलियों से छलनी, कल ही AAP सरकार ने हटाई थी सुरक्षा