आरयू ब्यूरो, लखनऊ। हरियाणा के दो जिलों में गुरुवार को भूकंप के झटके लगे हैं। पहले रोहतक जिले में और उसके बाद झज्जर में भूकंप आया है। जिससे सहमें लोग घबरा गए और घरों से बाहर सुरक्षित स्थान पर निकल आए, हालांकि भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
दोपहर करीब 12:34 बजे हरियाणा के झज्जर जिले में भूकंप के झटके दर्ज किए गए। सांपला और खरखौदा जैसे आस-पास के कस्बों में दो से पांच सेकंड तक झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.5 रही। इसका केंद्र जमीन से लगभग पांच किलोमीटर नीचे था, जो अक्षांश 28.64°N और देशांतर 76.75°E पर स्थित था।
इस सप्ताह में आज चौथी बार हरियाणा की धरती हिली है। कल रात में भूकंप की तीव्रता 3.3 थी। इसका केंद्र रोहतक का गांव भालौठ के नजदीक का क्षेत्र था। वहीं दिल्ली एनसीआर में हाल ही में यह लगातार चौथा भूकंप है। इससे लोगों में डर की स्थिति बनी हुई है। इससे पहले 11 जुलाई को, दिल्ली-एनसीआर के निवासियों ने हरियाणा के झज्जर जिले में आए 3.7 तीव्रता के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए थे। इससे ठीक एक दिन पहले इसी क्षेत्र में 4.4 तीव्रता का एक और शक्तिशाली भूकंप आया था।
यह भी पढ़ें- अब हिमाचल प्रदेश में आया भूकंप, चंबा में था केंद्र
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार दस जुलाई से अब तक रोहतक के 40 किलोमीटर दायरे में रिक्टर स्केल पर 2.5 से अधिक तीव्रता के चार भूकंप रिकॉर्ड किए गए। दस जुलाई को झज्जर में दो मिनट के अंतराल में दो भूकंप आए। पहला सुबह 9:04 बजे जबकि दूसरा 9:06 बजे लोगों ने महसूस किए। अगले दिन 11 जुलाई को भी भूकंप का झटका महसूस किया गया।


















