बिहार की महिलाओं को प्रियंका गांधी का मैसेज, ‘पूरे समाज का बोझ उठाती हैं अपनी शक्ति पहचानिए’

अपनी शक्ति पहचानिए
महिलाओं के साथ शक्ति प्रदर्शन करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू वेब टीम। कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की महिलाओं से संवाद किया और केंद्र व बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। शुक्रवार को एनडीए सरकार ने बिहार की महिलाओं के लिए महिला रोजगार योजना की शुरुआत की थी, जिसके तहत महिलाओं को दस-दस हजार रुपये दिए गए। इस पर कांग्रेस ने इस योजना को चुनावी राजनीति से जोड़ते हुए महिलाओं के सम्मान को दस हजार रुपये में खरीदने का आरोप लगाया है।

प्रियंका गांधी ने कहा, “क्या दस हजार रुपये पकड़ा देना ही सही है? जीवन क्या है आपका?” कांग्रेस नेता ने महिलाओं से अपने संघर्षों को ताकत में बदलने की अपील की और कहा कि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान के लिए काम करेगी।
प्रियंका ने ये भी घोषणा की कि बिहार में महिलाओं को 25 लाख रुपये का बीमा दिया जाएगा। प्रियंका ने जोर देकर कहा कि महिलाएं पूरे समाज का बोझ उठाती हैं और अब अपनी शक्ति को पहचानें।

उन्होंने कहा, “राजनीतिक पार्टियां आपकी शक्ति को समझ रही हैं, इसलिए चुनाव से पहले आपको पैसे दिए जा रहे हैं। बिना आपके समर्थन के सरकार नहीं बन सकती। दस हजार रुपये देने वालों को सबक सिखाइए, क्योंकि बिहार की सरकार आपका सम्मान नहीं करती।”

यह भी पढ़ें- प्रियंका की जनता से अपील, वोट चोरी हस्ताक्षर अभियान में हो शामिल, हर सिग्नेचर वोट जितना ही महत्वपूर्ण

इस दौरान प्रियंका गांधी ने अपने भाई राहुल गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने पूरे देश में सामाजिक न्याय और महिलाओं के सम्मान के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस चुनाव में नीतीश और बीजेपी की सरकार को हराकर न्याय और सम्मान के लिए नई सरकार लानी होगी।

बता दें कि बिहार चुनाव से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत राज्य की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधे दस-दस हजार रुपये भेजे गए, जिससे राज्य को लगभग 7,500 करोड़ रुपये का खर्च आया।

यह भी पढ़ें- मणिपुर दौरे पर पीएम मोदी को प्रियंका ने घेरा, कहा बहुत पहले सोचना चाहिए था, इतनी बड़ी संख्या में दिया लोगों को मरने