अजय राय ने कहा, भाजपा जिस तरह वोट चोरी के तरीके अपना रही, वो लोकतंत्र के लिए चिंताजनक

अजय राय

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बिहार विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस ने एक बार फिर वोट चोरी का भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है। इस बीच कांग्रेस ने वोट चोरी के मुद्दे को लेकर 14 दिसंबर को दिल्ली में बड़ी रैली आयोजित करने की घोषणा की है। शनिवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने लोगों से अपील की कि वे इस रैली में ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल हों।

साथ ही अजय राय ने कहा, ” भाजपा जिस तरह से मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को अपने पक्ष में मोड़ने के लिए वोट चोरी जैसे तरीके अपना रही है वे लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है। ऐसे माहौल में रामलीला मैदान में होने वाली इस रैली में पश्चिमी यूपी के लोगों की बड़ी भागीदारी बेहद जरूरी है।”

इस दौरान अजय राय का आरोप है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआइआर) के नाम पर मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। भाजपा चुनावी प्रक्रिया से हर उस बाधा को खत्म करना चाहती है, जो उसके राजनीतिक हित में नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि हाल ही में एक भाजपा नेता ने खुले तौर पर कहा था कि सूची पुनरीक्षण के दौरान कांग्रेसियों के नाम काट दिए जाएं, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं के नाम जोड़ दिए जाएं। उन्होंने सवाल उठाया कि अब तक उस भाजपा विधायक पर क्या कार्रवाई हुई? उन्होंने कहा कि कोई भी कार्रवाई नहीं हुई।

यह भी पढ़ें- प्रियंका की जनता से अपील, वोट चोरी हस्ताक्षर अभियान में हो शामिल, हर सिग्नेचर वोट जितना ही महत्वपूर्ण

वहीं चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए अजय राय ने कहा कि आयोग अब सिर्फ भाजपा के हित में काम करता दिखाई दे रहा है। भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस ऐसा होने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार मतदाता सूची में छेड़छाड़ कर राजनीतिक माहौल को अपने पक्ष में मोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है, लेकिन कांग्रेस इसके खिलाफ पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी।

यह भी पढ़ें- राहुल ने कहा, बेरोजगारी व वोट चोरी का सीधा संबंध, देश को दोनों से मुक्त कराना अब सबसे बड़ी देशभक्ति