किन्‍नर रथयात्रा को हरी झंडी दिखाकर बोले दिनेश शर्मा, भाजपा के लिए चुनावी मुद्दा नहीं है परशुराम व ब्राह्मण समाज

एकतरफा हो रहे मतदान

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से किन्नर रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि परशुराम जैसे महापुरुष और ब्राह्मण समुदाय विपक्ष के लिए राजनीति का विषय हो सकते हैं, हमारे लिए नहीं, क्योंकि हमने महापुरुषों और आराध्या के लिए लगातार काम किया है।

उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भगवान राम का मंदिर अगर बन रहा है तो इसके पीछे हमारा योगदान है। साथ ही कहा कि ‘वास्तविकता में ब्राह्मण समाज की नाराजगी विपक्ष से ही है। हमने सबसे अधिक विधायक सांसद एमएलसी ब्राह्मण समाज से दिए हैं और लगातार काम किया है। हमसे नाराजगी का कोई सवाल ही नहीं है। भाजपा को ब्राह्मण समाज भी जिताने के लिए तत्पर है।’

गौरतलब है कि लखनऊ में आज डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने परशुराम प्रतिमा की स्थापना समारोह में हिस्सा लिया, जिसको लेकर सियासी गलियारों में चर्चा है कि समाजवादी पार्टी ने जब परशुराम प्रतिमा की स्थापना की इसके बाद भाजपा ब्राह्मण समाज को रिझाने के लिए परशुराम प्रतिमा की स्थापना कराने लगी है। इस सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि परशुराम प्रतिमाओं की स्थापना भारतीय जनता पार्टी के लिए कोई नई बात नहीं है।

कई मंदिरों में परशुराम प्रतिमाओं की स्थापना की जा चुकी है। कई जिलों में इस तरह के आयोजन हुए हैं। ब्राह्मण समाज, महापुरुष भारतीय जनता पार्टी के लिए कभी भी चुनावी मुद्दा नहीं रहे, हमारे लिए सभी बराबर हैं। इसीलिए तो ब्राह्मण समाज के सबसे ज्यादा विधायक, सांसद और एमएलसी भारतीय जनता पार्टी के ही हैं।

यह भी पढ़ें- दिनेश शर्मा का कांग्रेस, सपा व बसपा पर हमला, पिछली सरकारों में माफियाओं के पैर छूते थे मंत्री, आज चलता है बुलडोजर

वहीं किन्नर रथ यात्रा के सवाल पर डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि इस समाज का सरकार ख्याल रख रही है। हमने किन्नर समाज बोर्ड बनाया है, जो किन्नरों के कल्याण के लिए काम कर रही है। अब यह समाज भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद दे रहा है। साथ ही कहा किन्नरों का आशीर्वाद जिनको मिलता है उनकी विजय तय होती है भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और एमएलसी एके शर्मा को भाजपा के एक नेता ने मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने के सवाल पर शर्मा ने कहा कि उनको इस बयान की जानकारी नहीं है। योगी आदित्यनाथ ही हमारे मुख्यमंत्री होंगे।

यह भी पढ़ें- योगी जी उन लोगों को अनुपयोगी लग रहे जो चाहते हैं फैलाना अराजकता: दिनेश शर्मा