भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा का मेदांता में निधन

प्रभात झा का निधन

आरयू वेब टीम। मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रभात झा ने शुक्रवार को दिल्ली के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। प्रभात झा लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। दिमागी बुखार के चलते हालत बिगड़ने पर उन्हें भोपाल के बंसल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से उन्हें दो दिन पहले ही एयरलिफ्ट कर दिल्ली के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया। प्रभात झा के निधन की खबर से राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा नेता ने इलाज के दौरान शुक्रवार भोर मे करीब पांच बजे अंतिम सांस ली। बिहार के मधुबनी जिले के कुरमाई गांव में प्रभात झा का अंतिम संस्कार होगा। प्रभात झा एक पत्रकार, लेखक, स्तंभकार, राजनीतिज्ञ और समाजसेवी रहे हैं। साथ ही भाजपा के एक कद्दावर नेता माने जाते थे, मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ थी।

यह भी पढ़ें- केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवी राजे का एम्स में निधन

पत्रकारिता के करियर से राजनीति में एंट्री करने वाले प्रभात झा मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी रहे हैं। वे आठ मई 2010 से लेकर 15 दिसंबर 2012 तक मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। प्रभात झा के राजनीतिक सफर की शुरुआत 90 के दशक में हुई। वे 1993 से 2002 तक मध्य प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी रहे।

यह भी पढ़ें- CPI नेता अतुल अंजान का लंबी बीमारी के बाद निधन