बीजेपी करती है महिला नेतृत्‍व के मंत्र पर विश्‍वास: मोदी

महिला नेतृत्‍व

आरयू वेब टीम। 

कर्नाटक में भाजपा के महिला मोर्चे की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ‘नमो एप’ के माध्‍यम बातचीत की। उन्‍होंने कहा कि आज देश महिला विकास से आगे बढ़कर महिला के नेतृत्व की बात कर रहा है। यह एक बड़ा मंत्र है।

जब देश के विकास के लिए ऐसा मंत्र है, तो बीजेपी भी इसी मंत्र में विश्‍वास करती है और हमारी पार्टी के लिए महिला सर्व प्रथम है। अपनी कैबिनेट की बात करते हुए मोदी ने कहा कि अगर आप हमारी कैबिनेट में देखेंगे तो महिलाओं को क्षमता के अनुसार उन्हें पोर्टफोलियो दिया गया है।

वहीं बीते दिनों सोशल मीडिया पर सुषमा स्वराज और निर्मला सीतारमण की दुनिया के पुरुषों के बीच वाली फोटो खूब छाई रही है, जो यह सिद्ध करती है कि हम महिलाओं को कितना अधिक महत्व देते हैं। भाजपा ने पोलिटिक्स में महिला की भागीदारी का नजरिया ही बदल दिया। विश्‍व के पुरुष नेताओं के बीच भारत की ये दो ताकतवर महिलाओं की उपस्थिति अलग एहसास कराती है। इतना ही नहीं उन्होंने कर्नाटक चुनाव जीत का मंत्र देते हुए कहा कि मेरे लिए बड़ी बात है पोलिंग बूथ जीतना। अगर हम पोलिंग बूथ जीतते हैं तो दुनिया की कोई ताकत हमें नहीं हरा सकती।

यह भी पढ़ें- कर्नाटक पहुंचे पीएम का राहुल पर पलटवार, बिना कागज पढ़ें 15 मिनट बोले तो बड़ी बात

जीत सिर्फ पोलिंग बूथ में है। जब लड़ाई बूथ पर लड़नी हो तो घर-घर जाकर कांग्रेस सरकार के झूठे वादों का पर्दाफाश करना होगा। इसके लिए महिला मोर्चा के कार्यकर्ता को आगे आना होगा। हर एक से देश के विकास के लिए अपील करना है। यह काम हमारी महिला मोर्चा की सदस्य करेंगी।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि विश्‍वसनीयता अहम बात होती है और इसके लिए महिलाएं काफी अव्वल रही हैं। हमने महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए काम किया है। महिला मोर्चा को उज्जवला योजना की लाभार्थियों के साथ जुलूस निकालना चाहिए, ताकि लोगों को लगे कि कुछ बदलाव हो रहा है। उन्हें पता चले कि महिलाएं अब चूल्हा पर धुएं से नहीं, बल्कि एलपीजी से खाना बनाती हैं।

मोदी ने कहा कि हमने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू किया, जिससे सेक्स रेशियो अच्छा हुआ। उन्होंने कहा कि बेटा-बेटी एक समान परिवार का भाव बनता जा रहा है। इतना ही नहीं हमने मेटरनिटी लीव 26 वीक कर दिया है। साथ ही बच्चों के लिए क्रेच की सुविधा शुरू करवाई। वहीं इस दौरान कर्नाटक बीजेपी महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष व अन्‍य पदाधिकारियों ने मोदी से महिलाओं के प्रति हिंसा और अपराध से जुड़ें कई सवाल भी किए।

यह भी पढ़ें- कर्नाटक के किसानों से बोले मोदी, जो 70 साल में नहीं मिला वो 2022 तक मिलेगा