कांग्रेस में शामिल होकर बोले भाजपा सांसद बृजेंद्र सिंह, किसान-अग्निवीर व महिला पहलवानों के मुद्दों पर थे बीजेपी से मतभेद

सांसद बृजेंद्र सिंह
कांग्रेस में शामिल हुए बीजेपी सांसद बृजेंद्र सिंह।

आरयू वेब टीम। हरियाणा की हिसार लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद बृजेंद्र सिंह भाजपा को झटका दे कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। बृजेंद्र ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। दरअसल बृजेंद्र सिंह रविवार सुबह ही भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। एक्स पर एक पोस्ट के जरिये उन्होंने अपने इस्तीफे की जानकारी दी थी।

कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के बाद बृजेंद्र सिंह ने कहा, ”मैं आज भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हो रहा हूं, मैं मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी व पार्टी के अन्य नेताओं का धन्यवाद करता हूं। कुछ राजनीतिक कारण काफी समय से बन रहे थे जिसमें असहजता एक अहम विषय है। इसमें मुख्यत: विचार के मामलों में मेरी सहमति पार्टी (भाजपा) से नहीं थी जिस कारण मैंने यह निर्णय लिया है।” जिसमें किसानों के मुद्दों से लेकर अग्निवीरों और महिला पहलवानों के विरोध तक कई बातों पर मेरे मतभेद थे।

यह भी पढ़ें- बेटी के साथ कांग्रेस में शामिल हो बोले रवि प्रकाश वर्मा, समाजवाद के सिद्धांत से भटक गई सपा, मुलायम सिंह के निधन के बाद

बृजेन्द्र सिंह ने भाजपा से इस्तीफा देते हुए कहा, ”मैंने बाध्यकारी राजनीतिक कारणों से भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। मैं पार्टी, प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त करता हूं। मुझे हिसार के संसद सदस्य के रूप में सेवा करने का अवसर देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह का आभार व्यक्त करता हूं।”

मालूम हो कि बृजेंद्र सिंह की जाट मतदाताओं पर अच्छी पकड़ मानी जाती है। हरियाणा के कई जिलों में उनका प्रभाव है। बृजेंद्र सिंह पूर्व आइएएस रह चुके हैं, वो हरियाणा के कद्दावर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं। बीते कुछ समय से खबरें आ रही थीं कि बृजेंद्र सिंह की भाजपा से नहीं बन रहीं है, जिसकी बाद बृजेंद्र सिंह ने भाजपा से किनारा करने का फैसला किया है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस में शामिल हो साध्वी अनादि ने गहलोत सरकार की तारीफ कर कहा, कर्म से होती है, धर्म की पहचान