आरयू ब्यूरो
लखनऊ। बीजेपी के घोषणा पत्र जारी करते ही विरोधियों के उन पर लगातार हमले जारी है। बसपा और सपा के साथ ही अब कांग्रेस ने तीखा हमला किया। इस दौरान कांग्रेस ने कई गंभीर सवाल भी उठाए है।
प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने कहा कि भाजपा ने अपने लोकसभा चुनावी वायदों की ओर से लोगों का ध्यान भटकाने और गुमराह करने के लिए राम मंदिर का राग अलापा है, लेकिन जनता जानती है कि झूठ बोलने में भारतीय जनता पार्टी का कोई जोड़ नहीं है।
राजबब्बर ने सवाल उठाते हुए कहा कि अमित शाह खनन माफियाओं के खिलाफ टास्क फोर्स बनाने की घोषणा कर रहे हैं, लेकिन सर्वाधिक खनन छत्तीसगढ़, झारखण्ड एवं मध्य प्रदेश में हो रहा है, क्या इन तीनों राज्यों की भाजपा सरकारों ने कोई टास्क फोर्स बनाया।
मध्य प्रदेश के मुरैना में एक आईपीएस को खनन माफिया ने बुल्डोजर चढ़ाकर मार दिया, क्या अमित शाह जनता को बताएंगे कि माफियाओं के खिलाफ क्या कार्रवाई की गयी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा घोषणा पत्र में खुद को गुण्डाराज का विरोधी साबित करने का ढोंग करती है, जबकि उसने खुद ही कई चर्चित गुण्डों को टिकट दिया है। अब भाजपा पूर्वांचल के विकास की बात कर रही है, उसने अपनी पिछली तीन सरकारों में पूर्वांचल के विकास के लिए कोई बड़ा प्रोजेक्ट क्यों नहीं लगाया था।
गन्ना किसानों के लिए नई चीनी मिल स्थापित क्यों नहीं की, एक मेगावाट बिजली का उत्पादन क्यों नहीं बढ़ाया। इसके साथ ही लगभग 3 वर्ष की मोदी सरकार ने कितने वादें पूरे किए यह सभी जानते हैं।




















