किसान की मौत पर प्रियंका का भाजपा सरकार पर हमला, घटना को बताया निंदनीय, परिवार के लिए कि मुआवजे की मांग

सांठगांठ
प्रियंका गांधी। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/बदायूं। यूपी के बदायूं में किसान की मौत पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्‍तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका ने कहा कि यूपी सरकार ने बिजली के दाम बढ़ाए और बिजली बिल वसूली के नाम पर किसानों को जेल में डाल कर प्रताड़ित किया जा रहा है।

प्रियंका ने सोशल मीडिया के माध्‍यम से एक खबर को ट्वीट कर कहा कि बदायूं के किसान बृजलाल के साथ घटी घटना निंदनीय है। उनके परिवार को मुआवजा मिले और किसी भी किसान को प्रताड़ित नहीं किया जाए।

यह भी पढ़ें- पदयात्रा के दौरान प्रियंका का BJP व योगी सरकार पर हमला, पहले सच बोलें फिर करें गांधी जी की बात

प्रियंका की यह प्रतिक्रिया बदायूं के जरीफनगर में बृजपाल की मौत के बाद आयी है। बृजपाल को कुछ दिनों पहले बिजली चोरी के इल्जाम में पकड़ा गया था। उस पर बिजली विभाग ने 81,943 रुपये का जुर्माना लगाया था। जुर्माना न जमा कर पाने के कारण राजस्व विभाग ने बृजपाल को हिरासत में लिया था। वह पिछले 11 दिन से हवालात में था। बीते गुरुवार को बृजपाल की हिरासत के दौरान हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें- प्रियंका गांधी से भाजपा को डर, इसलिए उनके उठाए सवालों का नहीं दे पा रही जवाब: राजबब्‍बर

मालूम हो कि इससे पहले प्रियंका ने कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा था। प्रियंका ने कहा था, ‘यूपी में पिछले तीन दिन से अपराधियों ने प्रदेश को अपराध का अड्डा बना दिया है। बनारस, सोनभद्र, बिजनौर, नोएडा और कानपुर में हत्याएं हुईं और अलीगढ़ में अपहरण के बाद एक बच्चे की हत्या कर दी। बीजेपी सरकार की नाकामी साफ दिखाती है कि सरकार अपराध पर झूठ बोल सकती है, उन्हें रोक नहीं सकती।’

यह भी पढ़ें- रेप के आरोपित चिन्‍मयांनद को बचाने के लिए किसी भी हद तक गिर सकती है योगी सरकार: प्रियंका