बोले अखिलेश, पूरी जिम्‍मेदारी से सपा INDIA गठबंधन के साथ, लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने की दिशा में पार्टी कर रही काम

सपा इंडिया गठबंधन
सपा नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते अखिलेश यादव साथ में अन्‍य।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/बलिया। सीट बंटवारे को लेकर सपा विरोधियों की तमाम अटकलों के बीच यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर अपनी पार्टी की भूमिका स्‍पष्‍ट कर दी है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी जिम्मेदारी के साथ इंडिया गठबंधन के साथ है। इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराएगा। सपा का लक्ष्य भी बीजेपी को हराना है। पार्टी उसी दिशा में काम कर रही है।

बलिया दौरे पर शनिवार को पहुंचे यूपी के पूर्व सीएम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यूपी समेत देशभर की जनता भाजपा सरकार को हटाना चाहती है। समाजवादी पार्टी ने 80 हराओ, भाजपा हटाओ का नारा दिया है। भाजपा सरकार हटेगी तभी किसानों, नौजवानों का सपना पूरा होगा। नौकरी, रोजगार मिलेगा। किसानों की फसलों का लाभकारी मूल्य मिल पाएगा। जातीय जनगणना होगी और सभी को सामाजिक न्याय मिल पाएगा।

चीन ने तोड़ा मेमोरियल, सरकार के पास जवाब नहीं

मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में देश की सीमाएं असुरक्षित है। सरकार सीमा और सैनिकों की सुरक्षा नहीं कर पा रही है। चीन घुसपैठ कर रहा। 1962 के युद्ध में सीमा की रक्षा करने वाले हमारे जवानों की याद में बने मेमोरियल को चीन ने तोड़ दिया, लेकिन सरकार के पास कोई जवाब नहीं है।

…लेकिन यह वादा भी पूरा नहीं किया

हमला जारी रखते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि महंगाई-बेरोजगारी चरम पर है। घर-घर में नौजवान बेरोजगार बैठा है। भाजपा सरकार ने किसानों की आय दोगुना करने का वादा किया था, लेकिन यह वादा भी पूरा नहीं किया।

भाजपा को लोकसभा चुनाव में हार का डर सता रहा

अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा सरकार को लेकर पूरे देश में अविश्‍वास का माहौल है। भाजपा सरकार जनता की समस्याओं को हल करने की जगह दूसरे मुद्दों में उलझाने का प्रयास कर रही। भाजपा को लोकसभा चुनाव में हार का डर सता रहा इसलिए ईडी, सीबीआइ और इनकम टैक्स जैसी सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्षी दलों और नेताओं को बदनाम कर रही।

सपा नेताओं को दी श्रद्धांजलि

इससे पहले अखिलेश यादव ने आज बलिया में पार्टी जिलाध्यक्ष रहे राजमंगल यादव और जिला सचिव रहे राजेंद्र पांडेय के आवास पहुंचकर उन्‍हें श्रद्धांजलि देने के साथ परिजनों से मुलाकात शोक संवेदना प्रकट की। इस मौके पर अपने पार्टी के नेताओं को याद करते हुए अखिलेश ने कहा कि राजमंगल यादव ने राजनीति की शुरुआत सपा से की थी। दोनों ही पार्टी के समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता थे। उन्होंने पार्टी को मजबूत किया। दुर्घटना में उनके निधन से हम सभी लोग दुखी है और उनकी कमी हमेशा खलेगी।

बताते चलें कि पिछले दिनों सपा के बलिया जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव और राजेंद्र पांडेय की लखनऊ में ही हुई एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी थी।

यह भी पढ़ें- विपक्षी गठबंधन ने बनाई 13 सदस्यों की कोआर्डिनेशन कमेटी, दिया जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया नारा