बोले अखिलेश, “योगी सरकार में चल रही हर विभाग में लूट, जनता भुगत रही इसका खामियाजा”

अखिलेश यादव

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के सरकारी विभागों के भ्रष्‍टाचार को लेकर आज यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश ने कहा है कि यूपी के सभी विभागों में इस समय लूट चल रही है, इसका खामियाजा यूपी की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

सपा सु्प्रीमो ने मीडिया से कहा कि भ्रष्टाचारयुक्त भाजपा के गड्ढा मुक्त अभियान की पोल हर रोज खुल रही। नोएडा से लेकर प्रदेश के अन्य जिलों में सड़कों के गड्ढों में गिरने की घटनाएं लगातार हो रही भाजपा सरकार जबसे प्रदेश में सत्ता में आयी है तब से सड़कों के गड्ढे भरने का दावा कर रही, लेकिन नौ साल में सड़कों के गड्ढे नहीं भरे। गड्ढ़ा मुक्त अभियान के नाम पर हजारों करोड़ के बजट का बंदरबांट हो गया, लेकिन सड़कों की स्थिति खराब ही होती जा रही है। ताजा मामला है, नोएडा में कार खुले नाले में गिर गयी। इससे पहले नोएडा में ही इंजीनियर की मौत हो चुकी है।

अखिलेश ने आगे कहा कि यूपी में विकास के नाम पर चल रही योजनाओं में भी भारी भ्रष्टाचार और लूट मची है। भाजपाई दोनों हाथ से सरकारी धन लूट रहे। जल जीवन मिशन का भ्रष्टाचार तो सबके सामने है।

झूठा है जीरो टॉलरेंस का दावा

अपराध की घटनाओं को लेकर यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि योगी सरकार में कानून-व्यवस्था भी ध्वस्त है। सरेआम हत्याएं हो रही। महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही। महिला-बेटियां सुरक्षित नहीं है। सच तो यह है कि अपराध और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेन्स का बीजेपी सरकार का दावा जीरो और झूठा है।

बुलडोजर से सनातन को रौंद रही भाजपा

हमला जारी रखते हुए अखिलेश ने कहा भाजपा सरकार ने वाराणसी में लोक माता अहिल्या होल्कर की मूर्ति व पौराणिक मणिकर्णिका घाट तोड़वा दिया। भाजपा सरकार बुलडोजर से सनातन को रौंद रही।

तोड़वा दी सैकड़ों साल पुरानी दालमंडी

वहीं वाराणसी की दालमंडी गली के ध्‍वस्‍तीकरण पर अखिलेश ने योगी सरकार को निशाने पर लिया। अखिलेश ने कहा कि काशी की सैकड़ों साल पुरानी दालमंडी को तोड़वा कर भाजपा सरकार ने व्यापारियों को बर्बाद कर दिया। भाजपा व्यापारी विरोधी भी है।

यह भी पढ़े- अखिलेश ने कहा, भाजपा पूंजीवाद को दे रही बढ़ावा, जो समाजवादी आदर्शों के लिए गंभीर चुनौती