आरयू वेब टीम। पटना में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का समापन हो गया है। पिछले दो हफ्ते से चल रही इस यात्रा का समापन राजधानी पटना में विपक्षी नेताओं के रोड शो के बाद हुआ। पटना के डाकबंगला में अपने संबोधन में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जमकर भाजपा पर हमला बोला और पीएम नरेंद्र मोदी को चेताया कि अभी तक जो हमने वोट चोरी के खुलासे किए हैं वो सिर्फ एटम बम था अब हाइड्रोजन बम के लिए तैयार रहें। राहुल गांधी ने दावा किया कि उसके बाद पीएम मोदी अपना चेहरा तक नहीं दिखा पाएंगे।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी का दावा, वोट चोरी करवा रहा चुनाव आयोग, हमारे पास एटम बम जैसा सबूत, फटा तो नहीं दिखेगा ECI
राहुल गांधी ने कहा मैं भाजपा से कहना चाहता हूं भाजपा के लोग अच्छी तरह सुन लीजिए, एटम बम से बड़ा हाइड्रोजन बम होता है, भाजपा के लोग तैयार हो जाओ हमने महादेवपुरा में हमने एटम बम दिखाया था अब हाइड्रोजन बम आ रहा है उसके लिए तैयार हो जाइये। वोट चोरी की जो सच्चाई है वो पूरे देश को पता लगने जा रही है। बिहार की जनता, युवाओं और महिलाओं का धन्यवाद कररता हूं जो मदद आपने की ये देश के कोने कोने में फैल गई है, हाइड्रोजन बम के बाद मोदी जी इस देश को अपना चेहरा नहीं दिखा पाएंगे।
नए वोटर करते हैं आकर वोट
इससे पहले संबोधन की शुरूआत में राहुल गांधी ने सभी नेताओं और जनता का धन्यवाद दिया। राहुल ने कहा कि इस यात्रा को हमने नाम वोट अधिकार यात्रा दिया। महाराष्ट्र में एनसीपी, कांग्रेस, शिवसेना से चुनाव चोरी किया गया था। ये सौ प्रतिशत सच है। राहुल गांधी ने कहा कि करीब एक करोड़ नए वोटर लोकसभा चुनाव के बाद वोटर लिस्ट में जोड़े जाते हैं, बढ़ाए जाते हैं। नए वोटर आकर वोट करते हैं। हमारे गठबंधन को जितना लोकसभा में मिला उतना वोट विधानसभा में मिला, एक वोट कम नहीं हुआ, लेकिन सारे के सारे नए वोट बीजेपी को गया। लोकसभा में हम जीते लेकिन विधानसभा में हारे, क्योंकि चुनाव आयोग और भाजपा ने मिलकर वोट चोरी की।
एक लाख फर्जी वोट
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि महादेवपुरा और बैंगलोर सेंट्रल में हमने साफ दिखाया कि एक विधानसभा में एक लाख से ज्यादा फर्जी वोटर थे। बैंगलोर सेंट्रल में सात विधानसभा हैं, छह में हम जीतते हैं, जहां एक लाख फर्जी वोट थे वहा हम साफ हो जाते हैं। और उसी एसेंबली के कारण बीजेपी लोकसभा जीत जाती है। हमने ये प्रेस कॉन्फ्रेंस में डेटा के साथ दिखाया। चुनाव आयोग से लिस्ट मांगी, लेकिन हमें लिस्ट नहीं दी गई। हमे ये खुलासे करने में चार महीने लगा हमने देश के सामने सबूत रखा। हमारे लोगों ने काजग की लिस्ट से नाम मिला मिलाकर ये काम किया।
युवाओं के भविष्य की चोरी
राहुल गांधी ने कहा कि वोट चोरी का मतलब अधिकार की चोरी, शिक्षा की चोरी, लोकतंत्र की चोरी, युवाओं के भविष्य की चोरी की, राहुल गांधी ने कहा कि ये लोग सिर्फ वोट चोरी नहीं बल्कि आपके राशन कार्ड सब चुरा लेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि ये आपका सबकुछ ले जाएंगे और अडानी और अंबानी को दे देंगे। जिन शक्तियों ने गांधी जी की हत्या की वही लोग संविधान की हत्या करने की कोशिश कर रही है, हम ऐसा होने नहीं देंगे।
वोट चोर गद्दी छोड़
वोटर अधिकार यात्रा पर राहुल ने कहा कि हमें बहुत अच्छा रिस्पोंस मिला। सारे युवा खड़े हो गए, बच्चे खड़े हुए और सब कहने लगे वोट चोर गद्दी छोड़ और बीच में बीजेपी के लोग बीच में काले झंडे दिखाने लगे।




















