सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बोली कांग्रेस, हम राम मंदिर निर्माण के पक्षधर, भाजपा पर भी साधा निशाना

ट्रंप की भारत यात्रा
रणदीप सुरजेवाला, मुख्य प्रवक्ता कांग्रेस। फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। अयोध्या मामले पर उच्चतम न्यायालय का निर्णय का कांग्रेस ने स्‍वागत किया है। साथ ही कहा कि कांग्रेस राम मंदिर के निर्माण की पक्षधर है। इस दौरान पार्टी के मुख्य प्रवक्‍ता रणदीप सुरजेवाला भाजपा पर निशाना साधने से नहीं चूंके। सुरजेवाला ने कहा कि अब इस फैसले से आस्था के नाम पर राजनीति करने वालों के लिए दरवाजे हमेशा लिए बंद हो गए हैं।

कांग्रेस की शीर्ष नीति निर्धारण इकाई कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) ने एक प्रस्ताव पारित कर कहा कि पार्टी इस फैसले का सम्मान करती है और अब सभी को शांति एवं सौहार्द सुनिश्चित करना चाहिए। वहीं बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस प्रवक्‍ता ने एक सवाल के जवाब में कहा कि निर्णय आ चुका है। कांग्रेस भगवान राम के मंदिर के निर्माण की पक्षधर है।

यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट का फैसला, विवादित भूमि पर बनेगा मंदिर, मुस्लिम पक्ष को मस्जिद के लिए अयोध्या में ही मिलेगी जमीन

उन्होंने कहा कि वर्षों बाद उच्चतम न्यायालय ने इस मामले का पटाक्षेप कर दिया है। यह मामला किसी व्यक्ति विशेष, समूह या दल को श्रेय देने का नहीं है। उच्चतम न्यायालय ने आस्था और विश्वास का सम्मान किया है। सुरजेवाला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज के फैसले से जहां एक तरफ राम मंदिर के निर्माण के द्वार खुल गए वहीं दूसरी तरफ इस फैसले से भाजपा के लिए सत्ता भोग की खातिर आस्था पर राजनीति करने के दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो गए क्योंकि भगवान राम वचन की मर्यादा और त्याग के प्रतीक हैं।

यह भी पढ़ें- अयोध्या प्रकरण पर बोलीं मायावती, सुप्रीम कोर्ट का जो भी फैसला आए उसका सभी को करना चाहिए सम्‍मान

साथ ही सीडब्ल्यूसी की बैठक में पारित प्रस्ताव में कहा गया,  भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अयोध्या मामले में उच्चतम न्यायालय के निर्णय का सम्मान करती है। पार्टी ने कहा कि हम सभी संबंधित पक्षों और सभी समुदायों से निवेदन करते हैं कि वे भारत के संविधान में स्थापित ‘‘सर्वधर्म समभाव’’ तथा भाईचारे के उच्च मूल्यों को निभाते हुए अमन-चैन का वातावरण बनाए रखें। पार्टी ने आह्वान किया कि हर भारतीय की जिम्मेदारी है कि हम सब देश की सदियों पुरानी परस्पर सम्मान और एकता की संस्कृति एवं परंपरा को जीवंत रखें।

यह भी पढ़ें- अयोध्‍या मामले में सुप्रीम कोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित, मध्यस्थों के मांगे नाम, जानें किसने क्‍या कहा