बसपा व भाजपा को झटका, इन दिग्‍गजों को सपा में शामिल कर बोले अखिलेश, कभी योगीजी को कहिए लड़का

भाजपा को झटका

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर आज सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने बसपा के पूर्व सांसद व पूर्व विधायकों समेत, भाजपा व कांग्रेस के पूर्व विधायकों व तमाम वरिष्‍ठ नेताओं को पार्टी ज्‍वाइन कराने के साथ ही भाजपा व योगी सरकार पर हमला बोला।

मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अभी हम पार्टी को मजबूत कर रहें हैं। जब चुनाव आएंगे तब गठबंधन के बारे में बात की जाएगी। हमारी पार्टी में जहां राजनीतिक रूप से सक्रिय लोग शामिल हो रहे हैं। वहीं हम डॉक्टर, इंजीनियर और प्रोफेसर जैसे प्रोफेशनल लोगों का भी पार्टी में स्‍वागत करेंगे।

भाजपा को झटका
पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते अखिलेश यादव।

भाजपा पर हमला करते हुए अखिलेश ने कहा कि रंग की राजनीति सही नहीं है। भाजपा के रंग धोखे वाली राजनीति के रहे हैं। होली के बाद भाजपा नेताओं के रंग देखिएगा। वहीं खुद को ‘लड़का’ कहे जाने पर मीडिया पर प्रहार करते हुए कहा कि कभी योगी जी को भी ‘लड़का’ कह कर देखिए। पूर्व मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी उन खबरों पर आई है, जिनमें उन्हें और राहुल गांधी को ‘लड़का’ कहकर संबोधित किया गया है।

डीजीपी को कुर्सी पर बैठाने के लिए कर रहें अच्‍छे दिन का इंतजार

इसके साथ ही नोएडा जाने वाली बात पर सपा मुखिया ने कहा कि मुख्‍यमंत्री अपने आप को भ्रम तोड़ने वाला बताते रहते हैं। वह कहते हैं हम नोएडा के बाद ग्रेटर नोएडा जाने का भ्रम तोड़ रहे हैं। इसके बाद भी वह दस दिन से यूपी के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह को कुर्सी पर नहीं बैठा पा रहे हैं। भ्रम को तोड़ने वाले मुख्यमंत्री को अब डीजीपी को ज्वॉइन कराने से पहले अच्छे दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। यह लोग तो भ्रम में ही जीते हैं। यह किसी का भ्रम क्या तोड़ेंगे।

यह भी पढ़ें- आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अखिलेश ने बुलाई बैठक, जाने किन मुद्दों पर बनी रणनीति

सपा के मुख्‍य प्रवक्‍ता राजेंद्र चौधरी ने बताया समाजवादी पार्टी में शामिल होने वालों में बसपा से जुड़ें रहें मिर्जापुर के पूर्व सांसद लालचंद्र कोल, अंबेडकरनगर के पूर्व विधायक फरहत अब्बास, फर्रुखाबाद के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तहसीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी, कुशीनगर के पूर्व विधायक शंभू चौधरी जबकि कानपुर से भाजपा के पूर्व विधायक महेश बाल्‍मीकि, पूर्व विधायक नन्द किशोर मिश्र, आनन्द त्रिपाठी (बांदा), रमादेवी (महोबा), अमित सिंह (अंबेडकरनगर) शामिल हैं।

इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व मंत्री श्याम लाल रावत (सीतापुर), पूर्व चेयरमैन भरोसी लाल अनुरागी (महोबा) राष्ट्रीय लोकदल के चंदौली जिलाध्यक्ष राजेंद्र देहाती व कौएद के रामजी गुप्ता ने अपने समर्थकों के साथ सपा की सदस्‍यता ग्रहण की।

वहीं अन्‍य पार्टियों में गांव गरीब पार्टी के अध्यक्ष/संयोजक विश्राम पाल धनघर ने सपा की सदस्‍यता ग्रहण करते हुए अपनी पार्टी का विलय सपा में कर दिया। उनके साथ गांव, गरीब पार्टी के उपाध्यक्ष लाल बहादुर शास्त्री एवं पार्टी प्रवक्‍ता शिवशंकर शर्मा ने भी अपने समर्थकों के साथ सपा ज्‍वाइन की।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा अपना काम भी तो करके दिखाए योगी सरकार

बिंद समाज कल्याण संघ के राजेंद्र श्यामलाल बिंद (भदोही), व राजेंद्र एस बिंद (जौनपुर), भारतीय छात्र उत्थान के संरक्षक विजय शंकर यादव (सोनभद्र), चिल्ड्रेन मेडिकल सेंटर की निदेशक डॉ. सीमा सिंह (लखनऊ), प्रो. अनित्य गौरव, राजभर संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश राजभर एवं मण्डल अध्यक्ष राजेंद्र राजभर, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, प्रो. पंकज माधुर, साकेत महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्‍यक्ष राजेश वर्मा, जन अधिकार पार्टी के प्रमुख रामचन्द्र त्यागी ने भी आज सपा की सदस्‍यता ली।

इस मौके पर सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद अहमद हसन, राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री राममूर्ति वर्मा समेत सपा के अन्‍य वरिष्‍ठ नेता भी मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- EVM के खिलाफ अखिलेश की मुहीम को झटका, बैठक में नहीं पहुंचे बसपा व कांग्रेस के नेता