बुलेट को टक्कर मार पेड़ से टकराई बोलेरो, तीन महिलाओं सहित पांच की मौत

बोलेरो बुलेट बाइक
हादसे में उड़े गाड़ी के परखच्चे।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/अमेठी। अमेठी में रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार बोलेरो बुलेट बाइक को टक्कर मारने के बाद पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन महिलाओं और एक बच्चे समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए।

मिली जानकारी के मुताबिक हादसा मुंशीगंज थाना क्षेत्र के भादर चौराहे के पास हुआ। सुल्तानपुर के इस्लामगंज गांव का निवासी अकबर के रिश्तेदार धरईमाफी गांव के कल्लू के भाई मट्टलू की एक दिन पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। अकबर परिवार वालों को लेकर बोलेरो से धरईमाफी में रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था। उसी दौरान जामो भादर चौराहे के पास बोलेरो ने जामो की तरफ से आ रही बुलेट को टक्कर मार दी और फिर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।

पीपरपुर थाना क्षेत्र के अयोध्या नगर भावापुर गांव निवासी दुर्गेश उपाध्याय अपनी बहन वंदना और भांजे रुद्र को बुलेट से मुंशीगंज थाना क्षेत्र के अराड़ू पाठक का पुरवा गांव से अपने घर ले जा रहा था। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दुर्गेश उपाध्याय पुत्र राम अकबाल और उसकी बहन वंदना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार वर्षीय भांजा रुद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान रुद्र की भी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें- UP में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने रोडवेज बस को मारी टक्कर, छह यात्रियों की मौत, 15 घायल

वहीं बोलेरो सवार महिला शाहनूर (40) पत्नी जागीर खान, शबनम (35) पत्नी दिलशाद की मौके पर ही मौत हो गई। बोलेरो में सवार सभी घायलों को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल और भेटुआ सीएचसी पहुंचाया गया। जहां कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसके बाद घायलों को लखनऊ के लिए रेफर किया गया है।

यह भी पढ़ें- देहरादून-मसूरी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी कार, छह लोगों की दर्दनाक मौत