कार एक्सीडेंट में अतीक अहमद के बेटे समेत दो युवकों की मौत, तीन घायल, भाई से जेल में मिलने जा रहा था आबान

आबान अहमद
एक्सिडेंट में क्षतिग्रस्त हुई कार।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पूर्व सांसद अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई। झांसी के पूंछ थाना इलाके में उसकी कार एक डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में आबान के अलावा एक अन्य व्यक्ति की भी जान चली गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा साथ ही मामले की जांच जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार आबान जेल में बंद अपने भाई अली से मुलाकात के लिए झांसी जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही वाहन हादसे का शिकार हो गया। ये सड़क हादसा झांसी का पास स्टेट हाईवे पर हुआ है। कार में आबान समेत कुल पांच लोग सवार थे। हादसे में मारा गया एक अन्य युवक आबान का दोस्त बताया जा रहा है। जबकि, तीनों घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज में लाया गया और ओटी में इलाज शुरू हो चुका है। जहां तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि यात्रा के समय तेज बारिश हो रही थी और सड़क पर जानवर आ गया था। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। जिससे क्रेटा कार में आगे की सीट पर बैठे आबान अहमद और उसके साथी सोनू खान के सिर में गंभीर चोटें आईं और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़ें- अतीक अहमद के बेटे अली की जेल बदली, नैनी से झांसी किया गया शिफ्ट

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे अन्य घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान उमर अहमद, मोहम्मद जैद और असलम के रूप में हुई है। तीनों प्रयागराज के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने इस हादसे की जांच प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनास्थल का मुआयना किया जा रहा है और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

अतीक अहमद का छोटा बेटा आबान महज 22 वर्ष का था। इसके पहले अली अहमद को एक अक्टूबर 2025 को नैनी जेल से झांसी जेल शिफ्ट किया गया था। वहीं आबान की मौत से उसके परिवार में शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ CBI कोर्ट में सुनवाई के बाद अतीक अहमद के बेटे उमर को मिली जमानत