चंद्रयान-3 का ‘शिव शक्ति’ नामकरण को स्वामी प्रसाद ने बताया वैज्ञानिकों का अपमान

वैज्ञानिकों का अपमान
मीडिया से बात करते स्वामी प्रसाद मौर्य।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने चंद्रयान-3 के मूनलैंडर के लैंडिंग स्पॉट को ‘शिव शक्ति’ नाम देने पर शनिवार को आपत्ति जताई है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमला बोलते हुए कहा है कि ये एक दकियानूसी और वैज्ञानिकों का अपमान करने वाला कदम है।

सपा नेता ने कहा कि अगर नाम रखना ही था तो इसरो के वैज्ञानिकों के नाम पर रखते, जिन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में इतना बड़ा योगदान दिया है। चंद्रयान-3 के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के नाम पर लैंडिंग स्पॉट का नाम रखा जा सकता था। सरकार का यह कदम वैज्ञानिकों का अपमान है।

यह भी पढ़ें- चंद्रयान-3 की सफलता के साथ चांद की सतह पर साफ्ट लैंडिंग कर भारत ने रचा इतिहास

इसके अलावा प्रधानमंत्री द्वारा लैंडिंग स्पॉट का नाम शिव शक्ति रखने पर लखनऊ के मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने कहा “हमारे मुल्क के वैज्ञानिकों और इंडियन रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन ने जो कामयाबी हासिल की है। ये कामयाबी मुल्क की कामयाबी है। इसको इस तरह से कहना सही नहीं है। इसका नाम हिंदुस्तान होना चाहिए।” “हमारे मुल्क के साइंटिस्ट ने जो कामयाबी हासिल की है ये कामयाबी मुल्क की कामयाबी है। जहां विक्रम लैंडर लैंड किया था, उसका नाम भारत रखना चाहिये था। हिंदुस्तान रखते, इंडिया रखते ये मुनासिब होता।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस स्थान पर चंद्रयान-3 का मून लैंडर उतरा है, उस बिंदु को ‘शिवशक्ति’ नाम दिया है। इसी तरह जिस स्थान पर चंद्रयान-2 ने अपने पदचिह्न छोड़े हैं, उस प्वाइंट का ‘तिरंगा’ नाम दिया गया है।

वहीं लोकतांत्रिक देश में वैज्ञानिकों की उपलब्धि को एक धर्म से जोड़े जाने पर नरेंद्र मोदी की काफी अलोचना की जा रही है। वहीं भाजपा, आरएसएस व धर्मिक संगठनों से जुड़े काफी लोग इसका समर्थन भी कर रहें हैं।

यह भी पढ़ें- चंद्रयान-3 का लैंडर जिस जगह उतरा उसे ‘शिव शक्ति’ नाम से जाना जाएगा: प्रधानमंत्री मोदी