RLD चीफ व पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह की कोरोना से मौत

अजित सिंह की कोरोना से मौत
चौधरी अजित सिंह। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। देश में तेजी से विकराल होता कोरोना लगातार लोगों की जानें ले रहा है। वहीं गुरुवार को राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के चीफ और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजित सिंह की कोरोना से मौत हो गई है। 82 साल के अजित सिंह कोरोना संक्रमित थे। मगंलवार रात तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज उनकी मौत हो गई। ये खबर उनके बेटे जयंत चौधरी ने ट्वीट कर दी है। मौत की खबर से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार रालोद सुप्रीमो चौधरी अजित सिंह 20 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। हालत खराब होने पर उन्हें गुरुग्राम के अल्ट्रा मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार नहीं होने पर वे पिछले चार-पांच दिन से वेंटिलेटर पर थे। मगर गुरुवार की सुबह छह बजे उन्‍होंने अंतिम सांस लीं।

जयंत चौधरी ने मौत की खबर के साथ ही एक संदेश ट्वीट के माध्‍यम से जारी कर कहा कि असीम दुख की घड़ी है। अंतिम समय तक भी चौधरी साहब संघर्ष करते रहे। जीवन पथ पर चलते हुए चौधरी साहब को बहुत लोगों का साथ मिला। ये रिश्‍ते चौधरी साहब के लिए हमेशा प्रिय थे। चौधरी साहब ने आप सबको हमेशा अपना परिवार माना और आप ही के लिए हमेशा चिंता की।

यह भी पढ़ें- एटा के एएसपी क्राइम की कोरोना से मौत, घर पर थे आइसोलेट

“दुख और महामारी के काल में हमारी प्रार्थना है कि अपना पूरा ध्यान रखें, संभव हो तो घर में रहें और सावधानी जरूर बरतें। इससे देश में सेवा कर रहे डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी मदद मिलेगी। ये चौधरी साहब को आपकी सच्चा श्रदांजलि होगी।”

राजनीति करियर की बात करें तो अजित सिंह पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के बेटे थे। चौधरी अजित सिंह ने साल 1986 से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। 1986 में वह राज्यसभा भेजे गए थे। 1987 से 1988 तक लोकदल (ए) और जनता पार्टी के अध्यक्ष पद भूमिका निभाई। 1989 में अपनी पार्टी का विलय जनता दल में कर दिया। अजित सिंह छह बार लोकसभा और एक बार राज्यसभा सांसद रहे। इसके अलावा चार प्रधानमंत्रियो की कैबिनेट में मंत्री भी रहे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के पिता की कोरोना से मौत