बिहार चुनाव नतीजे पर चिराग पासवान ने कहा, विकसित बिहार बनाने के लिए PM मोदी की जरूरत

चिराग पासवान
प्रेसवार्ता को संबोधित करते चिराग पासवान।

आरयू वेब टीम। बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद एलजेपी अध्यक्ष चिराग पासवान ने बुधवार को कहा की चुनाव परिणाम ने तय कर दिया है कि अगर विकास करना है, तो नरेंद्र मोदी की सोच का होना जरूरी है। विकसित बिहार बनाने के लिए पीएम मोदी की जरूरत है। बिहार की भलाई के लिए भाजपा का मजबूत होना जरूरी था।

चिराग पासवान ने आज प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि उनकी पार्टी नेताओं ने खूब कोशिश की थी कि नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री न बनें। उनका शुरू से ही लक्ष्य रहा है कि भाजपा को फायदा हो और जदयू को नुकसान हो, लेकिन वे जनता के जनादेश का सम्मान करते हैं। इस दौरान चिराग ने सीएम नीतीश कुमार को जीत को बधाई देते हुए कहा कि व्यक्तिगत तौर पर नीतीश कुमार से उनकी कोई नाराजगी नहीं है।

यह भी पढ़ें- चिराग पासवान ने जारी किया घोषणा पत्र ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ पर फोकस करने के साथ ही किये वादे

वहीं मौजूदा विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी लोजपा के प्रदर्शन पर संतुष्टि जताते हुए चिराग ने कहा कि बिहार की जनता ने लोजपा पर भी विश्वास जताया है। हमारे अकेले लड़ने पर भी हमें छह प्रतिशत मत मिले हैं। हमारे अकेले लड़ने से जनाधार बढ़ा है। हमने पूरी मजबूती से चुनाव लड़ा है।

उन्होंने आगे कहा कि लोजपा के अकेले लड़ने से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ा है। अधिकांश सीटों पर हमारा परफॉरमेंस अच्छा रहा है। हमारी पार्टी 2025 के लक्ष्य पर काम कर रही है। दरअसल, राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने मतगणना में धांधली का आरोप लगाया था। इसपर चिराग पासवान ने राजद को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अगर परिणाम उनके पक्ष में होता, तब वे ऐसा आरोप नहीं लगाते। ईवीएम से छेड़छाड़ नहीं की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- रामविलास पासवान ICU में भर्ती, बेटे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को भावुक पत्र लिखकर कही ये बात