CM भगवंत मान बोले, हाई कोर्ट के सिटिंग जज करेंगे सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जांच, DGP से मांगा स्पष्टीकरण

सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जांच

आरयू वेब टीम। सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जांच को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को हाई कोर्ट के सिटिंग जज से करवाने का ऐलान किया है। मूसेवाला हत्याकांड पर मुख्यमंत्री मान ने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मान ने कहा कि पंजाब सरकार जांच में पूरा सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री ने डीजीपी के बयान पर भी स्पष्टीकरण मांगा है।

वहीं सुरक्षा घटाने के फैसले पर भी मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दिए हैं। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पूरे पंजाब में तनाव है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि, करीब 20 दिन पहले भी उन्होंने यही ऐलान किया था, जब मोहाली स्थित पुलिस कार्यालय पर रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड अटैक हुआ था।

इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री रहे विजय सिंगला मामले में भी वह इसी तेवर में नजर आए। पंजाब में सत्ता हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी को राज्य में अभी लगभग ढाई महीने का ही वक्त हुआ है, लेकिन सरकार कई बड़े मुद्दों में घिरती नजर आई है।

यह भी पढ़ें- भ्रष्टाचार के सबूत मिलने पर CM भगवंत मान ने स्वास्थ्य मंत्री को किया बर्खास्त, FIR दर्ज करने का भी निर्देश

वहीं सिद्धू मूसेवाला की हत्या को लेकर पंजाब कांग्रेस के तेवर तल्ख हो गए हैं। सीबीआइ और एनआईए से जांच के कराए जाने की मांग होने लगी है। पंजाब में राष्ट्रपति शासन के लिए आज कांग्रेसी भी राज्यपाल से मिलेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह वारिंग ने कहा कि सिद्धू की सुरक्षा क्यों कम की गई? दो महीने में एक कबड्डी खिलाड़ी समेत 40-45 लोगों की जान चली गई। हम केंद्रीय गृह मंत्री, राज्यपाल से मिलेंगे और हाईकोर्ट में भी अपील करेंगे।

यह भी पढ़ें- लोकप्रिय गायक व कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला को हत्‍यारों ने घेरकर किया गोलियों से छलनी, कल ही AAP सरकार ने हटाई थी सुरक्षा