भ्रष्टाचार के सबूत मिलने पर CM भगवंत मान ने स्वास्थ्य मंत्री को किया बर्खास्त, FIR दर्ज करने का भी निर्देश

विजय सिंगला
भगवंत मान। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार विरोधी मॉडल के तहत अब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़ी कार्रवाई की है। भ्रष्टाचार के आरोप में सबूत मिलने पर सीएम मान ने अपने ही स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को बर्खास्त कर दिया है। मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार में लिप्त होने के पुख़्ता सबूत मिले हैं। भगवंत मान ने कहा कि एक पर्सेंट भ्रष्टाचार भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री मान ने बर्खास्त मंत्री के खिलाफ पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश भी दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक लगभग एक दशक पहले विजय सिंगला आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। पंजाब के हालिया विधानसभा चुनाव में डॉ. विजय सिंगला ने मानसा से प्रसिद्ध गायक और कांग्रेस उम्मीदवार सिद्धू मूसेवाला को 60,000 से अधिक वोटों से हराया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक विजय सिंगला ने ठेके के आवंटन में ठेकेदार से एक परसेंट कमीशन की मांग रखी थी।

अपने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल ने मुझे कहा था कि मैं एक पैसे की रिश्तखोरी, बेईमानी बर्दाश्त नहीं करूं। मैंने उन्हें वचन दिया था ऐसा नहीं होगा। हम आंदोलन से निकले हुए लोग हैं, और वह आंदोलन भ्रष्टाचार के खिलाफ था। जनता ने बहुत उम्मीदों से आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई है, उस उम्मीद पर खरा उतरना हमारा कर्तव्य है।

यह भी पढ़ें- पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट ने दी तजिंदर बग्गा को राहत, गिरफ्तारी पर लगाई लंबी रोक

आगे कहा कि जब तक अरविंद केजरीवाल जैसे भारत मां के बेटे हैं और भगवंत मान जैसे सिपाही हैं, भ्रष्टाचार के खिलाफ महायुद्ध जारी रहेगा। साल 2015 में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने एक मंत्री को भ्रष्टाचार के मामले में बर्खास्त किया था।

यह भी पढ़ें- CM भगवंत मान का बड़ा ऐलान, पंजाब में एक जुलाई से हर माह मिलेगी 300 यूनिट मुफ्त बिजली