भाजपा नेता पुरंदेश्वरी के विवादित बयान पर CM भूपेश बघेल का पलटवार, “आसमान में थूकोगे तो खुद के चेहरे पर है गिरता”

भूपेश बघेल का पलटवार

आरयू वेब टीम। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी और पार्टी महामंत्री डी पुरंदेश्वरी ने कांग्रेस को लेकर ऐसी टिप्पणी कर दी जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया और दोनों-पार्टियां आमने-सामने आ गईं। दरअसल, नक्सल प्रभावित बस्तर में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पुरंदेश्वरी ने कहा कि अगर भाजपा कार्यकर्ता थूकेंगे तो उसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनका पूरा मंत्रिमंडल बह जाएगा। इस संकल्प के साथ आपको काम करना पड़ेगा।

इसपर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मुझे उम्मीद नहीं थी कि भाजपा में जाने के बाद पुरंदेश्वरी जी की मानसिक स्थिति ऐसी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जब हम लोग साथ थे और अर्जुन सिंह जी के साथ राज्य मंत्री थी तो वह ठीक ठाक थीं, लेकिन भाजपा में जाने के बाद क्या स्थिति हो गई है? और यदि आसमान में थूकोगे तो खुद के चेहरे पर गिरता है।

बता दें कि यूपीए सरकार में डी पुरंदेश्वरी वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री थीं। हालांकि साल 2014 में तेलंगाना मुद्दे को लेकर उन्होंने ने कांग्रेस को अलविदा कहा और फिर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। दरअसल, छत्तीसगढ़ में पहली बार आदिवासी बाहुल्य बस्तर क्षेत्र में भाजपा ने चिंतन शिविर का आयोजन किया है। जिसमें पुरंदेश्वरी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को उनकी ताकत का अहसास कराते हुए कहा हम आप सभी से अनुरोध करते हैं कि आप संकल्प लेकर जाएं। एक बार अगर आप पीछे मुड़कर थूकेंगे न, तो उस थूक में भूपेश बघेल और उनका पूरा मंत्रिमंडल बह जाएगा।

यह भी पढ़ें- गिरिराज सिंह की विवादित बयानबाजी पर भाजपा नाराज, जेपी नड्डा ने किया तलब

इसी के साथ उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि आपको काम करना पड़ेगा और फिर से आपके परिश्रम से भाजपा 2023 में जरूर सत्ता में आएगी। उनके इस बयान के बाद भला कांग्रेस कैसे चुप रह सकती थी। इसका जवाब देने के लिए तो मुख्यमंत्री को ही सामने आना पड़ गया। चुनाव के लिहाज से भाजपा के लिए बस्तर महत्वपूर्ण इलाका है और यहां पर आयोजन करके भाजपा ने पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने का प्रयास किया है।

यह भी पढ़ें- विवादित बयान पर नारायण राणे के खिलाफ शिवसैनिकों ने किया प्रदर्शन,लाठीचार्ज