गिरिराज सिंह की विवादित बयानबाजी पर भाजपा नाराज, जेपी नड्डा ने किया तलब

गिरिराज सिंह
गिरिराज सिंह। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। अपने विवादित बयानों के जरिए मोदी सरकार की किरकिरी कराने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर अब बीजेपी ने लगाम लगाने का मन बना लिया है। इसके लिए भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को समन जारी करते हुए गिरिराज सिंह को तलब किया है।

उल्‍लेखनीय है कि पिछले दिनों गिरिराज सिंह ने कहा था कि सहारनपुर में इस्लामिक मदरसा देवबंद आतंकवादियों को पैदा करने का कारखाना है। गिरिराज सिंह ने इस मदरसा को ‘आतंकवाद की गंगोत्री’ कहा था। इसी बाबत उन्हें समन जारी किया गया है।

वहीं तलब किए जाने के बाद भी अपने बयान पर कायम गिरिराज सिंह ने कहा कि मेरा कथन सही है, अगर किसी को कोई समस्या या संदेह है तो उत्तर प्रदेश पुलिस से सूची मांगे कि कितने लोग आतंकवादी गतिविधियों में शामिल हैं।

गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में विवादित बयान देते हुए कहा था कि देवबंद हाफिज सईद जैसे आतंकवादी को पैदा करता है। यह आतंकवादियों की गंगोत्री है। दुनिया के सभी मोस्ट वांटेड आतंकवादी देवबंद से आए थे, जिनमें हाफिज सईद के अलावा अन्य भी शामिल हैं।”

यह भी पढ़ें- शाहीन बाग पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज के विवादित बोल, यह आंदोलन नहीं, बनाया जा रहा सुसाइड बॉम्बर का जत्था

वहीं इससे पहले एक वीडियो का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा था कि दिल्ली के शाहीन बाग में ‘आत्मघाती हमलावर’ खड़े किए जा रहे हैं। वीडियो में कुछ बच्चे और बुर्का पहनी महिलाएं कथित तौर पर सीएए और भाजपा विरोधी भाषण दे रही थीं। उन्होंने कहा था कि बच्चों के दिमाग में जहर घोला जा रहा है। उन्होंने कहा था, “यह शाहीन बाग विरोध अब एक आंदोलन नहीं है। यह आत्मघाती हमलावरों को पैदा करने की जगह बन गया है। वहां देश के खिलाफ साजिश रची जा रही है।”

यह भी पढ़ें- गिरिराज की आजम खान को खुली धमकी, बेगूसराय चुनाव खत्म होने के बाद रामपुर आकर बताएंगे क्या हैं बजरंगबली