BJP सांसद का विवादित बयान, महात्‍मा गांधी के स्‍वतंत्रता संघर्ष को बताया ड्रामा

अनंत कुमार हेगड़े
अनंत कुमार हेगड़े। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। अक्‍सर ही अपने विवादास्‍पद बयान को लेकर चर्चा में रहने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े ने एक बार फिर विवादास्‍पद बयान दिया है। इस बार उन्होंने सीधे राष्‍ट्रपिता महात्मा गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने महात्‍मा गांधी के नेतृत्व में चले स्वाधीनता आंदोलन को ‘ड्रामा’ करार दिया। इतना ही नहीं उन्होंने महात्मा गांधी के सत्याग्रह और भूख हड़ताल को भी ड्रामा बताया।

भाजपा सांसद ने कहा कि तथाकथित नेताओं में से किसी ने एक बार भी पुलिस की मार नहीं खाई थी। यह वास्तविक लड़ाई नहीं थी। यह सामंजस्य के आधार पर रचा गया स्वतंत्रता संग्राम था। हेगड़े इतने पर ही नहीं रुके। उन्होंने महात्मा गांधी के उपवास और सत्याग्रह को भी नाटक बताया।

यह भी पढ़ें- भाजपा विधायक का विवादित बयान, CAA जैसा कानून बनाकर पाकिस्तान कर ले पीड़ितों की अदला-बदली

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समर्थक कहते हैं कि आमरण अनशन और सत्याग्रह से भारत को आजादी मिली। यह सच नहीं है। उत्तर कन्नाड़ा से भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगडे़ ने कहा कि अंग्रेजों ने सत्याग्रह के चलते देश नहीं छोड़ा था। अंग्रेजों ने निराश होकर भारत छोड़ा था। इतिहास पढ़ने पर मेरा खून खौलता है। ऐसे लोग हमारे देश में महात्मा कैसे हो गए।

गौरतलब है कि हेगड़े 2014 से 2019 तक केंद्र सरकार कौशल विकास मंत्री रहे। वे 2017 में तब चर्चा में आए थे, तब उन्होंने कहा था कि भाजपा उस संविधान को बदल देगी, जिसमें धर्मनिरपेक्ष शब्द लिखा है। इसके अलावा उन्होंने रविवार को ही ट्वीट किया कि बेंगलुरु को हिंदुत्व की राजधानी बन जाना चाहिए और भारत को भी हिंदुत्व की राजधानी बन जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि मैं यह कहने से कभी नहीं कतराऊंगा। मुझे इसकी कोई परवाह नहीं।

यह भी पढ़ें- दिलीप घोष का बेतुका सवाल, शाहीन बाग में कोई प्रदर्शनकारी मर क्यों नहीं रहा