‘चुनाव खत्म होते ही गैस-कैश देना बंद कर देगी भाजपा’, ममता बनर्जी ने किया जनता को सचेत

ममता बनर्जी
रैली को संबोधित करतीं ममता बनर्जी।

आरयू वेब टीम। चुनाव की घोषणा के साथ ही पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी बढ़ गई है। इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बेलदा में एक बड़ी चुनावी रैली में भाजपा की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। ममता बनर्जी ने जनता को चेतावनी देते हुए कहा, भाजपा चुनाव खत्म होते ही गैस और कैश देना बंद कर देगी। सीएम ममता इसे भाजपा की एक सोची-समझी चाल और चुनावी खेल करार दिया।

यह भी पढ़ें- ममता बनर्जी का भाजपा पर हमला, किसी को भी नहीं देंगे लोगों के अधिकार छीनने

ममता बनर्जी ने बीजेपी पर समाज को बांटने का भी आरोप भी लगाते हुए कहा कि भाजपा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच नफरत और झगड़े पैदा कर रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, भाजपा इस तनावपूर्ण स्थिति का फायदा उठाकर देश को लूटना चाहती है। सीएम ने लोगों से अपील की कि वे भाजपा के बहकावे में न आएं। भाजपा केवल सत्ता के लिए लोगों को आपस में लड़ाने का काम कर रही है और चुनाव के बाद वह अपने वादों से मुकर जाएगी।

दंगे भड़काकर सत्ता में आए…

इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह की राजनीतिक चार्जशीट का जवाब देते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि पहली चार्जशीट तो प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के खिलाफ होनी चाहिए, जो दंगे भड़काकर सत्ता में आए। साथ ही कहा कि भाजपा हिंदू-मुस्लिम से लेकर प्रशासन और पुलिस तक को बांटने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने भाजपा के कहने पर कई काबिल अधिकारियों को हटा दिया है, जो अधिकारियों का अपमान है।

करीब 200 लोगों की गई जान

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा किसी धर्म से प्यार नहीं करती, वह सिर्फ ढोंग करती है। उन्होंने कहा, जिस तरह से वे देश चला रहे हैं, मुझे लगता है कि उन्हें एक या दो महीने के भीतर दिल्ली से भागना पड़ेगा। रैली में ममता बनर्जी ने 2016 की नोटबंदी का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय लाइनों में लगकर करीब 200 लोगों की जान गई थी। उन्होंने वोटर लिस्ट से मुस्लिमों, हिंदुओं और आदिवासियों के नाम हटाए जाने का मुद्दा भी उठाया। साथ ही वादा किया कि जिनकी पहचान वोटर लिस्ट से मिटाई गई है, उनकी पार्टी उन्हें मुफ्त कानूनी मदद देगी।

कल्याणकारी योजनाओं के लिए रोका फंड

पिछले 15 वर्षों में अपनी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को गिनाते हुए, मुख्यमंत्री ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने सौ दिन की रोजगार गारंटी, पक्के मकानों के निर्माण और सड़कों जैसी कल्याणकारी योजनाओं के लिए फंड रोक दिया है। बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार ने इन प्रोजेक्ट्स को अपने फंड से चला रही है। उन्होंने बंगाल युवा साथी योजना का बचाव करते हुए कहा कि बेरोजगार युवाओं को मिलने वाले 1500 रुपये उनकी पॉकेट मनी है। उन्होंने दावा किया कि देश में बेरोजगारी 40 प्रतिशत बढ़ी है, जबकि बंगाल में इसे कम किया गया है। अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि अगर टीएमसी हारी, तो भाजपा जनता से सब कुछ छीन लेगी।

यह भी पढ़ें- जनसभा में बोलीं सीएम ममता, केंद्र सरकार व चुनाव आयोग छीन रहा जनता से मतदान का अधिकार