आरयू ब्यूरो, लखनऊ। नेपाल में बुधवार को अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद 105 भारतीय नागरिकों के लापता होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चिंता जताई है। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर समीक्षा बैठक के दौरान नेपाल के सीमा से सटे प्रदेश के जिलों के डीएम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से वार्ता कर अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है।
नेपाल में आई इस तबाही के बाद उत्तर प्रदेश में भी सीएम योगी ने महाराजगंज और कुशीनगर में प्रशासन को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने नेपाल में भीषण बाढ़ से हुई क्षति को चिंताजनक बताते हुए स्थानीय प्रशासन को सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने स्थानीय प्रशासन को नदियों के जलस्तर पर नजर रखते हुए पूरी सतर्कता बरतने को कहा है। साथ ही कहा है कि नेपाल में आई बाढ़ से हुई क्षति अत्यंत चिंताजनक है। सीएम योगी ने कहा “नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ से हुई क्षति अत्यंत चिंताजनक है। भगवान पशुपतिनाथ से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना है।”
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से हालात भयावह, ट्रेनें कैंसिल होने से यात्री परेशान
बता दें कि नेपाल में आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड पर भारत सरकार ने बड़ा फैसला किया है। भारत सरकार बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए आपातकालीन राहत सामग्री भेजने की तैयारी कर रही है। नेपाल में आई तबाही में कम से कम 105 भारतीय यात्री भी लापता हैं। साथ ही नेपाल में भारतीय दूतावास ने भारतीयों की मदद के लिए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। +977 985 131 6807,+977 970 910 7500




















