विधान परिषद उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन, सीएम योगी रहें मौजूद

यूपी विधान परिषद
नामांकन के दौरान प्रत्‍याशियों के साथ सीएम योगी व डिप्‍टी सीएम।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में विधान परिषद की दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव में गुरुवार को भाजपा प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर दिया। भाजपा उम्मीदवार पदमसेन चौधरी और मानवेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक सहित कई भाजपा नेता व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

भाजपा की ओर से उम्मीदवार पद्मसेन चौधरी यूपी भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। वे बहराइच से पार्टी के पूर्व सांसद रहे हैं। वहीं, मानवेंद्र सिंह भी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। वे कानपुर क्षेत्र के तीन बार अध्यक्ष रह चुके हैं। भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की ओर से इन दोनों नामों को मंजूरी के बाद सोमवार शाम प्रत्याशियों की घोषणा की गई।

पद्मसेन चौधरी कुर्मी समुदाय से आते हैं। वहीं, मानवेंद्र सिंह ठाकुर बिरादरी का प्रतिनिधित्व करते हैं। भाजपा अपने कोर वोट बैंक को इन दोनों उम्मीदवारों के जरिए टारगेट करती दिख रही। दोनों उम्मीदवारों की जीत तय मानी जा रही है, क्योंकि भाजपा के पास विधानसभा में पर्याप्त संख्या बल हैं।

यह भी पढ़ें- UP निकाय चुनाव में बीजेपी को बड़ी सफलता, नगर निगमों में लखनऊ समेत जीते सभी 17 मेयर

यूपी विधान परिषद में दो पद खाली हुए थे। लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को पिछले दिनों सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इसके बाद उन्होंने 15 फरवरी को पद से इस्तीफा दे दिया था। वहीं, बनवारी लाल दोहरे के निधन के कारण विधान परिषद की एक अन्य सीट खाली हुई थी।

यह भी पढ़ें- तीन बार के भाजपा सांसद रतन लाल कटारिया का निधन