हत्या-रेप के आरोपित भाजपा नेता पार्टी से निष्कासित, सदस्यता भी खत्म

पार्टी से निष्कासित
राही मासूम रजा। (फाइल फोटो)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। महराजगंज में भाजपा ने दुष्कर्म और हत्या के आरोपित पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष राही मासूम रजा की सदस्यता समाप्त कर दी है। राही मासूम रजा को पार्टी ने छह वर्ष के लिए निष्काषित कर दिया है। भाजपा के जिला संयोजक संजय पांडेय ने सोमवार को इसकी लिखित जानकारी दी है।

भाजपा नेता पर हत्या, रेप, पाक्सो और एससी एसटी जैसे संगीन धाराओं में केस दर्ज हुआ था। बताया जा रहा है कि पीड़िता के बयान के बाद पुलिस ने भाजपा नेता को दो लोगों की सुपुर्दगी में सौंप दिया था। इसके बाद से ही भाजपा नेता फरार हो गया। इसकी तलाश के लिए अब पुलिस को मशक्कत करनी पड़ रही है। भाजपा अल्पसंख्यक कल्याण मोर्चा के जिलाध्यक्ष राही मासूम रजा के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के मामले में उस समय यू-टर्न आ गया जब वही युवती मजिस्ट्रेट व महिला थानाध्यक्ष के सामने अपने बयान से पलट गई। उसने अपने बयान में सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।

पीड़िता ने मजिस्ट्रेट व महिला थानाध्यक्ष के सामने कहा कि भाजपा नेता उसके मकान मालिक हैं। पिछले पांच साल से वह और उसका परिवार भाजपा नेता के मकान में किराया पर रह रहा था। भाजपा नेता उसे बेटी की तरह मानते हैं।

यह भी पढ़ें- किशोरी से यौन शोषण करने के मामले में BJP नेता अरविंद गुप्‍ता फरार, कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट

दुष्कर्म व पिता की हत्या का आरोप बेबुनियाद है। पिता की मौत के बाद वह सदमे में थी। किसी ने धोखे से सादे पेपर पर दस्तखत करा लिया और मनगढ़ंत व झूठा आरोप पेपर पर लिख पुलिस को दे दिया। जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।

सदर कोतवाल द्वारा आरोपित को छोड़े जाने से नाराज होकर एसपी डॉ कौस्तुभ ने कोतवाल समेत 14 पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर करने के साथ ही चौकी प्रभारी सहित पांच पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया था। अब पार्टी द्वारा भाजपा नेता को छह वर्षों के लिए निष्काषित कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- केंद्रीय मंत्री के घर युवक की गोली मारकर हत्‍या, घटना में इस्‍तेमाल भाजपा सांसद के बेटे की पिस्‍टल बरामद, तीन दोस्‍त गिरफ्तार कर पुलिस ने बताई वजह