भाजपा सरकार ने स्मार्ट सिटी के नाम पर प्रदेश की जनता को दिया धोखा, बजट में जमकर हुई लूट: अखिलेश यादव

लखनऊ में बारिश

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी लखनऊ समेत अलग-अलग जिलों बारिश से हुए जल जमाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। जिसे लेकर सोमवार को यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार को  घेरा है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्मार्ट सिटी के नाम पर प्रदेश की जनता को धोखा दिया है। स्मार्ट सिटी के नाम पर आए बजट में जमकर लूट और भ्रष्टाचार हुआ है। जिसका नतीजा सबके सामने है।

सपा मुखिया ने कहा कि राजधानी लखनऊ समेत अन्य जिलों में हुई बरसात से प्रदेश के कई शहरों के हालात खराब हैं। बारिश से भाजपा की स्मार्ट सिटी बह गई। लखनऊ के पुराने इलाके हों या नए। हर जगह भारी जल भराव की स्थिति है। कई कालोनियों में पानी भर गया। नाले सड़क के ऊपर बहते दिखाई दिए। लखनऊ में हजारों घरों और दुकानों में पानी घुस गया। भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है।

वर्षो से नगर निगम पर काबिज भाजपा

हमला जारी रखते हुए अखिलेश ने कहा कि वर्षो से नगर निगम पर काबिज भाजपा ने राजधानी लखनऊ की सीवर और सफाई व्यवस्था के लिए कोई काम नहीं किया। भाजपा सरकार ने जनता को सपने दिखाने और गुमराह करने के सिवा कुछ काम नहीं किया। लखनऊ के पुराने इलाकों के साथ-साथ आलमबाग, इन्दिरानगर, गोमतीनगर, गोमती नगर विस्तार के कई क्षेत्रों में और सड़कों पर पानी भरने से लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ा। जगह-जगह जल भराव से भयावाह स्थिति है सड़के धंस गई है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में भारी बारिश के चलते 12वीं तक के सभी स्‍कूल बंद, डीएम ने जारी किया आदेश

राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश की जनता जानना चाहती हैं कि भाजपा और उसकी ट्रिपल इंजन सरकार ने लखनऊ समेत अन्य नगरों के लिए क्या किया। स्मार्ट सिटी के नाम पर सैकड़ों करोड़ रूपए के बजट का क्या हुआ। आगे अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा समाज में नफरत फैलानें के अलावा कोई काम नहीं करती है। भाजपा सरकार ने सात सालों में प्रदेश के विकास के लिए कोई काम नहीं किया। भाजपा ने समाजवादी सरकार में हुए विकास कार्यो को भी रोक दिया है। जिसके कारण राजधानी सहित अन्य शहरों के लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त है।

इतना ही नहीं सपा सुप्रीमो ने यह भी कहा कि आज बारिश से लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, झांसी, बहराइच, संभल समेत अन्य जिलों की जो स्थिति है उसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल है। भाजपा सरकार के विकास और सुशासन के सारे दावे हवाई है। भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में कुशासन और अराजकता की प्रतीक बन गई है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ-कानपुर समेत यूपी के 31 जिलों में होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी